
2022 मारुति सुजुकी ब्रेज़ा के इस साल जून के आसपास बिक्री पर जाने की उम्मीद है और यह अंदर और बाहर कई बदलावों के साथ आएगी
भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी देश में अपनी लोकप्रिय कॉम्पैक्ट एसयूवी ब्रेजा के नए जेनरेशन को लानें की योजना बना रही है। इसे देश में आने वाले महीनों में लॉन्च किया जाएगा। कंपनी नए जेनरेशन के साथ कार के एक्सटीरियर और इंटीरियर में बड़े पैमाने पर बदलाव करेगी और इसे नए फीचर्स का एक नया सेट प्राप्त होगा।
कंपनी नई ब्रेजा के सुरक्षा लेवल में भी वृद्धि करेगी और इसे कई सुरक्षा सुविधाएं प्राप्त होंगी। इसके साथ ही कंपनी इसे मौजूदा प्लेटफार्म पर ही विकसित करेगी, लेकिन इसकी निर्माण गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा। गौरतलब है कि मारूति सुजुकी की गाड़ियां ग्लोबल NCAP क्रैश टेस्ट में कम रेटिंग के लिए जानी जाती है। इसलिए कंपनी इस धारणा को बदलने की भी कवायद कर सकती है।
हालांकि यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि ग्लोबल C प्लेटफॉर्म पर आधारित विटारा ब्रेज़ा कॉम्पैक्ट एसयूवी को 4-स्टार मिली है और यह मौजूदा दौर में मारूति सुजुकी की सबसे मजबूत कार है। इसे एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में 4-स्टार और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन टेस्ट में 2 स्टार मिले हैं, इसलिए कंपनी इस प्लेटफॉर्म को और मजबूत कर सकती है।
हालाँकि अभी इसके संरचनात्मक अपडेट पर कोई आधिकारिक जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन जुलाई 2022 तक ग्लोबल एनसीएपी अपने नियमों के अपडेट सेट को पेश करेगा जो इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और साइड-इफेक्ट परीक्षणों की आवश्यकता पर जोर देगा। भविष्य की बेहतरी के लिए केंद्र सरकार द्वारा तैयार किए गए कड़े सुरक्षा मानकों के अनुसार निर्माताओं के जवाब के साथ 2022 ब्रेज़ा संभवतः छह एयरबैग और ईएससी जैसी सुविधाओं से लैस होगी और इसलिए इसके पूर्ण अंक प्राप्त करने की काफी संभावना है।
2022 मारूति सुजुकी ब्रेजा को एक्सटीरियर के साथ-साथ इंटीरियर में भी भारी अपडेट मिलेगा और यह कई नई सुविधाओं से लैस हो सकती है। कार को 9-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, कनेक्टेड टेक, 360-डिग्री कैमरा सिस्टम, अपडेटेड इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, नया फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील, HUD और सनरूफ जैसी सुविधाए मिलने की उम्मीद है।
इसे पावर देने के लिए 1.5-लीटर, 4-सिलेंडर, K15C ड्यूलजेट माइल्ड-हाइब्रिड, पेट्रोल इंजन मिल सकता है, जो एर्टिगा और एक्सएल6 में भी ड्यूटी करता है। यह इंजन 6,000 आरपीएम पर 103 पीएस की पावर और 4,400 आरपीएम पर 136 एनएम का टॉर्क विकसित करता है, जबकि ट्रांसमिशन विकल्पों में 5-स्पीड एमटी और पैडल शिफ्टर्स के साथ एक नए 6-स्पीड एटी शामिल है।