टाटा मोटर्स भारत में अगले दो सालों में लॉन्च करेगी 8 नई कारें

tata sierra electric rendering

टाटा मोटर्स भारत में नए इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ अपने इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो का विस्तार करेगी, जबकि कंपनी की योजना में डीजल पेट्रोल से चलने वाले मॉडल भी शामिल हैं

टाटा मोटर्स वर्तमान में भारतीय बाजार में सबसे अधिक बिकने वाले कार ब्रांडों में से एक है और कंपनी को इसकी एसयूवी रेंज से अच्छी सफलता मिली है। टाटा मोटर्स अपनी सफलता से उत्साहित होकर अपने एसयूवी पोर्टफोलियो का विस्तार करेगी और खबरों की मानें तो कंपनी निकट भविष्य में हैरियर फेसलिफ्ट सहित कई नई कारों को लॉन्च करेगी। आपको इस लेख में इन्हीं आगामी टाटा कारों के बारे में बताया जा रहा है।

1. टाटा हैरियर फेसलिफ्ट

टाटा हैरियर को जल्द ही मिड-लाइफ फेसलिफ्ट मिलने वाला है, जिसके तहत इसे कई नए फीचर्स के साथ कुछ कॉस्मेटिक अपडेट मिलेगा। इसमें एक बड़ा और बेहतर टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, HUD और पैनोरैमिक सनरूफ होगा, जबकि इसे ADAS जैसे सेफ्टी फीचर्स भी मिल सकते हैं। हालाँकि हैरियर फेसलिफ्ट के साथ इसका पावरट्रेन विकल्प समान रहने की उम्मीद है।

2. टाटा सफारी फेसलिफ्ट

टाटा सफारी को भी हैरियर की तरह फेसलिफ्ट अपडेट मिल सकता है और इसके साथ इस नई एसयूवी को नई सुविधाएं और बेहतर सेफ्टी इक्वीपमेंट मिलेंगे। भारत में टाटा सफारी का मुकाबला हुंडई अलकाजार, एमजी हेक्टर प्लस और महिंद्रा एक्सयूवी700 जैसी कारों से होगा। टाटा मोटर्स नई सफारी फेसलिफ्ट को आगामी ऑटो एक्सपो 2023 में पेश कर सकती है।

3. टाटा अल्ट्रोज़ ईवी

टाटा अल्ट्रोज़ ईवी को पहली बार ऑटो एक्सपो 2020 में प्रदर्शित किया गया था और अगले कुछ महीनों में इसकी शुरुआत होने की संभावना है। यह प्रीमियम इलेक्ट्रिक हैचबैक नेक्सन ईवी के साथ अपने पावरट्रेन विकल्पों को साझा करेगी और एक बार चार्ज होने पर 400 किमी से भी अधिक की रेंज देगी। कंपनी जल्द ही इस आगामी ईवी के बारे में जानकारी साझा कर सकती है।

4. टाटा पंच ईवी

भारत में नई टाटा टियागो ईवी के लॉन्च के बाद टाटा मोटर्स बाजार में एक ऑल-इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के साथ नई पंच को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। नई पंच ईवी में करीब 100 एचपी की पावर होने की संभावना है और यह देश की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कारों में से एक होगी। टियागो ईवी की तरह पंच ईवी में भी खरीददारों के पास चुनाव करने के लिए कई बैटरी पैक विकल्प मिल सकते हैं।

5. टाटा कर्व ईवी

टाटा मोटर्स ने कुछ महीने पहले ही कर्व इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट को भारतीय बाजार में प्रदर्शित किया था और इसके प्रोडक्शन वर्जन के 2024 में आने की उम्मीद है। यह कार X1 प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और इसे इलेक्ट्रिक के साथ-साथ ICE पावरट्रेन विकल्पों के साथ पेश किया जाएगा। नई कर्व न केवल दमदार एक्सटीरियर स्टाइल प्रदान करेगा, बल्कि यह ज्यादा व्यावहारिक केबिन और दमदार परफार्मेंस भी प्रदान करेगी।

6. टाटा सिएरा ईवी

सिएरा भारतीय ऑटोमोटिव दृश्यों में सबसे प्रतिष्ठित नामों में से एक है और भारतीय कार निर्माता जल्द ही भारतीय बाजार में सिएरा को फिर से लॉन्च करेगी। हालाँकि अबकी बार इसे बार एक ऑल-इलेक्ट्रिक पावरट्रेन मिलेगा। इसे पहली बार 2020 ऑटो एक्सपो में प्रदर्शित किया गया था और इसके 2024 में लॉन्च होने की उम्मीद है। यह एसयूवी अल्फा प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी।

7. नई जेनरेशन टाटा नेक्सन

वर्तमान में टाटा नेक्सन देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी में से एक है और इसे कई पॉवरट्रेन विकल्पों के साथ पेश किया जाता है। खबरों की मानें तो नेक्सन का नया जेनरेशन भी अपने विकास के अधीन है और इसके अल्फा प्लेटफॉर्म पर आधारित होने की संभावना है। कंपनी इसके समान इंजनों को जारी रखेगी, लेकिन कार में नए स्टाइल के साथ नया केबिन और फीचर्स मिलने की उम्मीद है।

8. टाटा अविन्या ईवी

भारत में नई कर्व इलेक्ट्रिक को प्रदर्शित करने के तुरंत बाद टाटा मोटर्स ने 2022 के मध्य में नई अविन्या के कॉन्सेप्ट को पेश किया था। जनरेशन 3 आर्किटेक्चर पर आधारित नई अविन्या 2025 में अपनी शुरुआत कर सकती है। इसे केवल इलेक्ट्रिक पावरट्रेन विकल्पों के साथ पेश किया जाएगा। कहा जा रहा है कि नया जेन 3 आर्किटेक्चर कई बॉडी स्टाइल को सपोर्ट करता है।