
जुलाई 2023 में मारुति सुजुकी डिजायर ने अपना दबदबा बरकरार रखा और इसकी सालाना आधार पर 3 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 13,395 यूनिट की बिक्री हुई है
स्टाइल, आराम और व्यावहारिकता के संयोजन के कारण सेडान लंबे समय से भारतीय कार खरीदारों के बीच एक लोकप्रिय पसंद रही है। हालाँकि भारत के गतिशील ऑटोमोटिव बाजार में लोगों की प्राथमिकताएं तेजी से बदली हैं, जिसका नजारा सेडान की बिक्री के आंकड़े से भी लगाया जा सकता है। जुलाई 2022 में टॉप 10 में शामिल रहीं सेडान की कुल बिक्री 35,659 यूनिट थी, जो कि जुलाई 2023 में 6.77 प्रतिशत घटकर 33,244 यूनिट की रही है।
हालाँकि इस सेगमेंट में मारुति सुजुकी डिजायर ने अपना दबदबा बरकरार रखा है और जुलाई 2023 में इसकी सालाना आधार 3 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 13,395 यूनिट की बिक्री हुई है, जबकि जुलाई 2022 में यह आंकड़ा 13,747 यूनिट का था। इसे अगले साल नया जेनेरशन मिलेगा और इसमें हाइब्रिड इंजन दिया जाएगा। वहीं हुंडई औरा की कुल 4,514 यूनिट की बिक्री हुई है, जो जुलाई 2022 में बेची गई 4,018 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 12 प्रतिशत की वृद्धि है।
पिछले महीने होंडा अमेज ने भी 3,386 यूनिट की बिक्री के साथ अपना दम दिखाया है, जो कि जुलाई 2022 में बेची गई 2,767 यूनिट के मुकाबले 22 प्रतिशत की वृद्धि है, जबकि नया जेनरेशन मिलने के बाद हुंडई वेर्ना की बिक्री में 53 प्रतिशत का उछाल देखा गया है। दरअसल पिछले महीने इसकी 2,858 यूनिट की बिक्री हुई है, जबकि जुलाई 2022 में यह आंकड़ा केवल 1,870 यूनिट का था।
टॉप 10 सेडान | जुलाई 2023 | जुलाई 2022 |
1. मारुति सुजुकी डिजायर (-3%) | 13,395 | 13,747 |
2. हुंडई औरा (12%) | 4,514 | 4,018 |
3. होंडा अमेज (22%) | 3,386 | 2,767 |
4. हुंडई वेर्ना (53%) | 2,858 | 1,870 |
5. टाटा टिगोर (-51%) | 2,684 | 5,433 |
6. फॉक्सवैगन वर्टस (30%) | 1,737 | 1,338 |
7. स्कोडा स्लाविया (-13%) | 1,654 | 1,895 |
8. होंडा सिटी (-53%) | 1,478 | 3,149 |
9. मारुति सुजुकी सियाज (-2%) | 1,348 | 1,379 |
10. टोयोटा कैमरी (202%) | 190 | 63 |
टाटा टिगोर ने पिछले महीने अपनी बिक्री में 51 प्रतिशत की भारी गिरावट देखी है, क्योंकि जुलाई 2023 में यह आंकड़ा 2,684 यूनिट का रहा है, जबकि जुलाई 2022 में इसकी 5,433 यूनिट की बिक्री हुई थी। वहीं फॉक्सवैगन वर्टस ने अपनी बिक्री में 30 प्रतिशत की गिरावट देखी है, क्योंकि जुलाई 2023 में इसकी 1,737 यूनिट बिकी है, जबकि पिछले साल के इसी महीने में यह आंकड़ा 1,338 यूनिट का था।
वर्टस की तरह इसकी सिबलिंग स्कोडा स्लाविया ने अपनी बिक्री में 13 प्रतिशत की गिरावट देखी है, क्योंकि जुलाई 2023 में बिक्री की संख्या 1,654 यूनिट रही है, जबकि जुलाई 2022 में इसकी 1,895 यूनिट की बिक्री हुई थी। वहीं होंडा सिटी की बिक्री में 53 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है और पिछले महीनें इसकी कुल 1,478 यूनिट की बिक्री हुई है। जबकि जुलाई 2022 में यह आंकड़ा 3,149 यूनिट का था।
वहीं 2 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ मारूति सुजुकी सियाज ने जुलाई 2023 में अपनी बिक्री को स्थिर रखा है और पिछले महीने इसकी 1,348 यूनिट बेची गई थी, जबकि जुलाई 2022 में यह आंकड़ा 1,379 यूनिट का था। वहीं 190 यूनिट की कुल बिक्री के साथ टोयाटा कैमरी भी टॉप 10 में शामिल रही है, जिसने सालाना आधार पर अपनी बिक्री में 201.59 प्रतिशत की भारी वृद्धि देखी है, क्योंकि जुलाई 2022 में इसकी केवल 63 यूनिट बिकी थी।