अगस्त 2022 की बिक्री में टॉप 10 मिडसाइज एसयूवी – क्रेटा, सेल्टोस, XUV700, कुशाक, सफारी

mahindra xuv700-27

Pic Source : Armaan Jain

हुंडई क्रेटा अगस्त 2022 के महीने में 12,577 यूनिट की बिक्री के साथ  सबसे ज्यादा बिकने वाली मिडसाइज एसयूवी रही है और इसने सेल्टोस को बड़े अंतर से पीछे किया है

भारत में अगस्त 2022 में मिडसाइज एसयूवी की बिक्री के आंकड़े सामने आ गए हैं और एक बार फिर से देश में कारों की बिक्री के मामले में इस सेगमेंट में काफी जलवा दिखा है और हुंडई क्रेटा ने मिडसाइज एसयूवी सेगमेंट का नेतृत्व किया है। पिछले महीने हुंडई ने क्रेटा की कुल 12,577 यूनिट की बिक्री की है, जो अगस्त 2021 में बेची गई 12,597 यूनिट के मुकाबले इसकी स्थिर बिक्री को दर्शाता है। भारत में हुंडई क्रेटा फेसलिफ्ट के अगले साल लॉन्च होने की उम्मीद है।

वहीं क्रेटा की सहयोगी ब्रांड किआ की सेल्टोस ने पिछले महीने 8,652 यूनिट की बिक्री के साथ सेगमेंट में दूसरा स्थान बरकरार रखा है। इसके मुकाबले अगस्त 2021 में सेल्टोस की 8,619 यूनिट की बिक्री हुई थी। वहीं महिंद्रा स्कार्पियो ने भी 171 फीसदी की वृद्धि के साथ अपना दम दिखाया है और इसकी कुल 7,056 यूनिट की बिक्री हुई है, जबकि अगस्त 2021 में यह आंकड़ा केवल 2,606 यूनिट का था।

हाल ही में महिंद्रा ने स्कॉर्पियो के अपडेट वर्जन को भी पेश किया है और इसे स्कॉर्पियो क्लासिक के नाम से बेचा जा रहा है। वहीं महिंद्रा एक्सयूवी700 का भी भारतीय बाजार में शानदार प्रदर्शन जारी है और पिछले महीने इसकी 6,010 यूनिट की बिक्री हुई है। कंपनी ने एक्सयूवी700 के फेसलिफ्ट वर्जन की भी टेस्टिंग शुरू कर दी है, जिसे इस साल के अंत तक या अगले साल की शुरूआत में पेश किया जा सकता है।

Pic Source: Dhiraj Yadav
मॉडल अगस्त 2022 अगस्त 2021
1. हुंडई क्रेटा 12,577 12,597
2. किआ सेल्टोस 8,652 8,619
3. महिंद्रा स्कार्पियो (171%) 7,056 2,606
4. महिंद्रा एक्सयूवी700 6,010 0
5. टाटा हैरियर (–5%) 2596 2,743
6. एमजी हेक्टर (–41%) 1917 3,276
7. स्कोडा कुशाक (-35%) 1,876 2,904
8. टाटा सफारी (3%) 1,820 1,762
9. एमजी एस्टर 1324 0
10. फॉक्सवैगन तैगुन 1019 0

वहीं टाटा मोटर्स ने पिछले महीने हैरियर की कुल मिलाकर 2,596 यूनिट की बिक्री की है, जो अगस्त 2021 में बेची गई 2,743 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 5 फीसदी की गिरावट है, जबकि एमजी मोटर ने पिछले महीने भारत में हेक्टर की कुल 1,917 यूनिट की बिक्री की है, जो अगस्त 2021 मे बेची गई 3,276 यूनिट के मुकाबले 41 फीसदी की गिरावट है। एमजी मोटर भारत में जल्द ही हेक्टर फेसलिफ्ट को लॉन्च करने जा रही है।

वहीं स्कोडा कुशाक की पिछले महीने 35 फीसदी की गिरावट के साथ 1,876 यूनिट की बिक्री हुई है, जबकि अगस्त 2021 में यह आंकड़ा 2,904 यूनिट का था। वहीं टाटा सफारी को सूची में 2,596 यूनिट की बिक्री के साथ आठवां स्थान मिला है, वहीं अगस्त 2021 में सफारी की 1,762 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो सालाना आधार पर 3 फीसदी की वृद्धि है।

एमजी मोटर ने पिछले साल के अंत में एस्टर एसयूवी को पेश किया था और अगस्त 2022 के महीने में इसकी कुल मिलाकर 1,324 यूनिट की बिक्री हुई है। वहीं फॉक्सवैगन तैगुन को सूची में दसवां स्थान प्राप्त हुआ है और अगस्त 2022 में इसकी कुल मिलाकर 1,019 यूनिट की बिक्री हुई है। वहीं जुलाई 2022 में तैगुन की 1,408 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो मासिक आधार पर 28 फीसदी की गिरावट है।