टाटा एचबीएक्स को फेस्टिव सीजन में 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया जाएगा और इसकी कीमत 5 लाख रूपए से शुरू होने की उम्मीद है
टाटा मोटर्स ने 2020 ऑटो एक्सपो में अपनी माइक्रो एसयूवी टाटा एचबीएक्स के कॉन्सेप्ट वर्जन को प्रदर्शित किया था और देश में इस कार के उत्पादन वर्जन को कई मौकों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। यह आगामी कार न केवल भारत की सबसे बहुप्रतिक्षित कारों में से एक है, बल्कि टाटा मोटर्स की अगली सबसे बड़ी लॉन्च भी है। अब प्रतीत होता है कि टाटा एचबीएक्स की लॉन्च काफी करीब है।
दरअसल टाटा ने अब अपनी इस माइक्रो एसयूवी के पहले टीजर को जारी किया है, जिससे यह संकेत मिलता है कि इस कार की लॉन्च अब करीब है। भारत में इस एंट्री-लेवल एसयूवी के लॉन्च होने की खबर 2020 के मध्य में ही थी, लेकिन देश में चल रहे हेल्थ क्राइसिस के कारण इसमें देरी हुई है, क्योंकि इसकी वजह से देश में आपूर्ति श्रृंखला भी प्रभावित हुई थी। हालांकि अब कंपनी ने इसका टीजर जारी कर दिया है। टीज़र में कार के नए ब्लू कलर का पता चलता है, जिसे हमने हाल ही में सामने आई कुछ तस्वीरों में भी देखा था। इसका फ्रंट प्रोफाइल मिनी हैरियर जैसा दिखता है, क्योंकि इसमें ठीक उसी तरह की हेडलाइट और डीआरएल सेटअप है।
वास्तव में एचबीएक्स का उत्पादन वर्जन ऑटो एक्सपो में प्रदर्शित की गई एचबीएक्स कॉन्सेप्ट के समान होगा, लेकिन इसकी सुंदरता को और भी बढ़ाया जाएगा। एचबीएक्स को बॉडी के निचले हिस्से में क्लैडिंग मिलेगी, जबकि टाटा इस मिनी एसयूवी के टॉप एडिशन के साथ डायमंड कट अलॉय की पेशकश करेगी। हम इसके साथ ड्यूल टोन कलर ऑप्शन के साथ फ्लोटिंग रूफ स्टाइलिंग की भी उम्मीद कर सकते हैं।
कार के आकार को देखते हुए इसमें बेहतर ग्राउंड क्लीयरेंस भी मिलेगा। टाटा मोटर्स की लाइनअप में एचबीएक्स कॉम्पैक्ट एसयूवी नेक्सन के नीचे होगी और इसे ब्रांड के मॉड्यूलर ALFA प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है। कंपनी इस प्लेटफार्म का इस्तेमाल पहले ही अपनी प्रीमियम हैचबैक अल्ट्रोज के लिए भी कर चुकी है, जो कि ग्लोबल NCAP क्रैश टेस्ट में 5 स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाली चुनिंदा कारों मे से एक है।
इस तरह एचबीएक्स में भी समान सेफ्टी रेटिंग होने की उम्मीद है और इसे कई सुरक्षा सुविधाओं के साथ भी पैक किया जाएगा। टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों में इस आगामी कार के कई फीचर्स का भी पता चला है, जिसमें मुख्य रूप से फ्लोटिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, स्क्वायर एयर कॉन वेंट्स और नया डिजाइन वाला स्टीयरिंग व्हील शामिल हैं।
टाटा एचबीएक्स को 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन द्वारा संचालित किया जाएगा जो कि टियागो, टिगोर और अल्ट्रोज़ में भी पाया जाता है। यह इंजन 86 पीएस की पावर और 113 न्यूटन मीटर का पीक टॉर्क का उत्पादन करेगा और इसे पांच-स्पीड मैनुअल और पांच-स्पीड एएमटी ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा जाएगा। भारत में एचबीएक्स की कीमत 5 लाख (एक्स-शोरूम) रूपए से शुरू हो सकती है और इसका मुकाबला मारूति इग्निस, महिन्द्रा केयूवी100 और आगामी हुंडई AX1 से होगा।