
MG Hector Tomahawk PHEV एक बार फुल चार्ज और फुल टैंक होने पर 115 किमी से ज्यादा की इलेक्ट्रिक रेंज और 1,100 किमी से ज्यादा की कुल रेंज दे सकती है
JSW MG Motor India ने भारतीय बाजार में Hector Tomahawk Plug-In Hybrid (PHEV) को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती BaaS कीमत 21.79 लाख रखी गई है, जिसके साथ 3.2 प्रति किमी बैटरी रेंटल देना होगा। यह 7-सीटर SUV है और इसमें 20.5 kWh की बैटरी के साथ 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर का कॉम्बिनेशन मिलता है।
कंपनी का दावा है कि यह SUV एक बार फुल चार्ज और फुल टैंक होने पर 115 किमी से ज्यादा इलेक्ट्रिक रेंज और 1,100 किमी से ज्यादा की कुल रेंज दे सकती है। Hector Tomahawk PHEV को दो वेरिएंट में पेश किया गया है। इसके Exclusive वेरिएंट की रेगुलर एक्स-शोरूम कीमत 25.70 लाख रुपये, जबकि Essence वेरिएंट की कीमत 27.80 लाख रुपये है। BaaS के तहत इनकी कीमत क्रमशः 21.79 लाख रुपये और 23.89 लाख रुपये है, जिसके ऊपर 3.2 प्रति किमी का बैटरी रेंटल देना होगा।
MG Hector Tomahawk PHEV की लंबाई 4,745 मिमी और व्हीलबेस 2,810 मिमी है। इसमें तीनों रो इस्तेमाल करने पर 192 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जो तीसरी रो फोल्ड करने पर 528 लीटर तक बढ़ जाता है। PHEV तकनीक के साथ लंबी इलेक्ट्रिक रेंज इसे पारंपरिक पेट्रोल, डीजल और स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड 7-सीटर SUV से अलग विकल्प बनाती है।

इस एसयूवी में 1.5-लीटर Atkinson-cycle पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 101 एचपी की पावर और 125 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 198 एचपी की पावर और 237 Nm टॉर्क वाला Permanent Magnet Synchronous इलेक्ट्रिक मोटर मिलता है। इसमें 20.5 kWh की बैटरी दी गई है। MG के मुताबिक, Tomahawk PHEV केवल इलेक्ट्रिक पावर पर 115+ किमी चल सकती है, जबकि पेट्रोल इंजन और बैटरी के साथ इसकी कुल रेंज 1,100+ किमी है। यह एसयूवी 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 9 सेकंड में पकड़ सकती है।
इसमें 6 ड्राइव मोड मिलते हैं, जिनमें Pure EV, Series Hybrid, Parallel Hybrid Boost, Regeneration, Pure Engine और Engine Drive + Charge शामिल हैं। बैटरी को 3.3 kW AC चार्जर से 10 से 100 प्रतिशत तक चार्ज करने में करीब 7.5 घंटे लगते हैं, जबकि 25 kW DC चार्जिंग से 30 से 80 प्रतिशत चार्ज करीब 35 मिनट में हो जाता है।

MG Hector Tomahawk PHEV में 15.6-इंच टचस्क्रीन, 8.8-इंच मल्टी-इंफॉर्मेशन डिस्प्ले, 80 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स वाला i-SMART सिस्टम, GenAI आधारित वॉयस असिस्टेंट, कराओके, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा पैनोरैमिक ड्यूल-पेन सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पावर्ड टेलगेट, 50W कूल्ड वायरलेस चार्जिंग और 18-इंच अलॉय व्हील्स भी दिए गए हैं। एसयूवी में 6 एयरबैग, ESP, ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल-होल्ड कंट्रोल, ABS के साथ EBD और चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक स्टैंडर्ड दिए गए हैं। टॉप-spec Essence वेरिएंट में Level 2 ADAS भी मिलता है।