MG की Majestor का मुकाबला टोयोटा फॉर्च्यूनर, स्कोडा कोडियाक, जीप मेरिडियन और टिगुआन आर-लाइन से होगा
JSW MG Motor India ने हाल ही में घरेलू बाजार में M9 इलेक्ट्रिक MPV और Cyberster इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्सकार को लॉन्च किया है और दोनों ही ब्रांड के प्रीमियम सेलेक्ट डीलरशिप आउटलेट्स के जरिए बेची जाएंगी। अपने पोर्टफोलियो का और विस्तार करते हुए, कंपनी भारत में अगले बड़े प्रोडक्ट मैजेस्टर के लॉन्च की तैयारी कर रही है। इस फुल-साइज SUV को सबसे पहले इस साल की शुरुआत में 2025 भारत मोबिलिटी एक्सपो में प्रदर्शित किया गया था।
ऑटो शो में इसके आधिकारिक अनावरण के समय यह पुष्टि की गई थी कि मैजेस्टर मई महीने में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी। हालांकि, समय-सीमा को आगे बढ़ा दिया गया है और अब इसके त्योहारी सीजन के आसपास लॉन्च होने की उम्मीद है। विस्तार से बात करें तो, मैजेस्टर मूल रूप से ग्लॉस्टर एसयूवी का फेसलिफ्टेड वर्जन है, जो देश में पहले से ही बिक्री के लिए उपलब्ध है।
रिपोर्ट्स का दावा है कि एमजी नई एसयूवी के साथ-साथ मौजूदा ग्लॉस्टर की बिक्री भी जारी रखेगी। इसका मतलब है कि मैजेस्टर ब्रांड की थ्री एसयूवी रेंज में ज्यादा प्रीमियम मॉडल के रूप में बेची जाएगी। मैजेस्टर का एक्सटीरियर डिजाइन बिल्कुल नया है, जो ग्लोबल मार्केट में बिकने वाली मैक्सस D90 एसयूवी जैसा दिखता है। आगे की तरफ इसमें ग्लॉस ब्लैक फिनिश वाली एक प्रॉमिनेंट ग्रिल है, जिसके दोनों ओर स्लीक एलईडी डीआरएल का एक सेट है।

वर्टिकल स्टैक्ड हेडलाइट्स एक ब्लैक कलर के रेक्टेंगुलर हाउसिंग में लगे हैं, जिसकी डिजाइन आउटलाइन ग्रिल में समाई हुई है। फ्रंट बंपर मैजेस्टर को एक भारी-भरकम लेकिन आक्रामक लुक देता है और इसमें भारी व्हील आर्च क्लैडिंग भी शामिल हैं। इसमें नए अलॉय व्हील्स भी हैं, जबकि पीछे की तरफ डुअल एग्जॉस्ट टिप्स के साथ कनेक्टेड एलईडी टेल लैंप्स का एक नया सेट है।
हालांकि, इंटीरियर की डिटेल्स अभी तक सामने नहीं आई है। हमें उम्मीद है कि नई एसयूवी में 12.3-इंच का फ्री-स्टैंडिंग इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरैमिक सनरूफ, लेवल 2 ADAS, 360 डिग्री कैमरा कैमरा सिस्टम, के साथ-साथ डैशबोर्ड लेआउट में भी मामूली बदलाव होंगे।

एमजी मैजेस्टर में 2.0-लीटर ट्विन-टर्बो डीजल इंजन दिया जाएगा, जो 216 बीएचपी की पावर और 479 एनएम का पीक टॉर्क उत्पन करेगा। यह 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से लैस होगा, जो पिछले पहियों तक पावर सप्लाई करेगा। ग्लॉस्टर की तरह इसमें भी 4WD सेटअप उपलब्ध होगा।