
मारुति सुजुकी भारत में कॉम्पैक्ट कारों की पूरी सीरीज लाने की योजना बना रही है, जिसमें एक एसयूवी, एक एमपीवी, एक सेडान और दो हैचबैक शामिल हैं
मारुति सुजुकी घरेलू बाजार में अपने महत्वपूर्ण उत्पाद विस्तार के लिए तैयारी कर रही है और कंपनी का लक्ष्य नए एसयूवी सेगमेंट में प्रवेश करने के साथ बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट में सक्रिय रूप से भाग लेना है। यहाँ हम मारुति सुजुकी की पाइपलाइन में प्रतीक्षा कर रहे संभावित आगामी कॉम्पैक्ट मॉडलों के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
1. मारुति सुजुकी Y43 माइक्रो एसयूवी

मारूति सुजुकी की एक नई माइक्रो एसयूवी पाइपलाइन में है, जिसका मुकाबला टाटा पंच और हुंडई एक्सटर जैसी कारों से होगा। इसके 2026 के आसपास शुरू होने की उम्मीद है और इसे पोर्टफोलियो में ब्रेज़ा और फ्रोंक्स के नीचे स्थित किया जाएगा। उम्मीद है कि यह माइक्रो एसयूवी माइल्ड हाइब्रिड तकनीक वाले 1.2 लीटर, Z सीरीज पेट्रोल इंजन से लैस होगी।
2. मारुति सुजुकी YDB कॉम्पैक्ट एमपीवी

मारूति सुजुकी की आगामी कॉम्पैक्ट एमपीवी को YDB कोडनेम दिया गया है, जिसका मुकाबला रेनो ट्राइबर से होगा। स्पेसिया एमपीवी से प्रेरणा लेते हुए इसमें बढ़ी हुई लंबाई और व्यावहारिकता की पेशकश करने की उम्मीद है। कंपनी उत्पादन लागत को कम करने के लिए स्पेसिया में पाए जाने वाले स्लाइडिंग डोर को हटा सकती है। YDB में 1.2 लीटर, Z सीरीज़ इंजन की सुविधा भी होने की संभावना है, जो नई जेनरेशन स्विफ्ट में पहली बार आएगा।
3. नई जेनेरशन मारुति सुजुकी स्विफ्ट और डिजायर

मारुति सुजुकी स्विफ्ट के नए जेनरेशन को कई मौकों पर भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है और यह साल 2024 की पहली छमाही में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी। इसके लॉन्च के बाद नई डिजायर की शुरुआत होने की उम्मीद है। दोनों मॉडलों में विकासवादी डिज़ाइन परिवर्तन होंगे और इन्हें एक नया 1.2 लीटर, Z सीरीज माइल्ड-हाइब्रिड पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो वर्तमान K सीरीज यूनिट की जगह ले सकता है।
4. मारुति सुजुकी कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक हैचबैक

आगामी मारुति सुजुकी इलेक्ट्रिक हैचबैक का डिजाइन eWX कॉन्सेप्ट से प्रेरित हो सकता है, जिसे जापान मोबिलिटी शो 2023 में प्रदर्शित किया गया था। ऐसा कहा जाता है कि यह शुरू से ही विकसित एक समर्पित स्केटबोर्ड ईवी प्लेटफॉर्म का उपयोग करता है। इसका मुकाबला टाटा टियागो ईवी, सिट्रोएन eC3 और एमजी कॉमेट ईवी जैसी कारों से होगा। मारुति सुजुकी का लक्ष्य इस आगामी मॉडल के साथ ज्यादा मात्रा में बिक्री हासिल करके इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट में अपनी पहचान बनाना है। उपरोक्त सभी मॉडलों की कीमत 10 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) से कम होगी।