भारत मे किआ ईवी6 को पूरी तरह से निर्मित (CBU) यूनिट के रूप में लाया जाएगा और इसकी कीमत 60 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) के आसपास होने की उम्मीद है
किआ इंडिया ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि वह भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार ईवी6 को 2 जून 2022 को लॉन्च करेगी। इस इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर के लिए प्री-बुकिंग आगामी 26 मई 2022 से शुरू होने वाली है। कंपनी जून 2022 में इसे लॉन्च करने के बाद ही इसकी डिलीवरी शुरू कर सकती है।
बता दें कि किआ ईवी6 को 2022 यूरोपीयन कार का खिताब प्राप्त हो चुका है और यह एक समर्पित ई-जीएमपी स्केटबोर्ड ईवी प्लेटफॉर्म पर विकसित होने वाला पहला किआ मॉडल है। किआ ईवी6 पहले से ही अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में बिक्री के लिए उपलब्ध है और इसे काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। कुछ बाजारों में इसकी मांग आपूर्ति से अधिक हो गई है।
लिहाजा इस दक्षिण कोरियाई ऑटो प्रमुख ने शुरुआत में 2022 के लिए इसकी उपलब्धता को केवल 100 यूनिट तक सीमित किया है, हालाँकि हम भविष्य में इसके बढ़ने की उम्मीद कर सकते हैं। इसे कम्प्लीटली बिल्ट-अप (CBU) रूट के जरिए देश में लाया जाएगा और इसकी कीमत लगभग 60 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) होने की उम्मीद है।
भारत में इस इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर को बड़े बैटरी पैक के साथ बेचा जाएगा और य़ह RWD व AWD दोनों कॉन्फ़िगरेशन में उपलब्ध होगी। वैश्विक स्तर पर किआ ईवी6 में 58 kWh बैटरी पैक और 77.4 kWh बैटरी पैक है। बड़ा बैटरी पैक सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर के साथ मिलकर काम करता है, जो 229 पीएस और 350 एनएम का टॉर्क विकसित करने में सक्षम है।