जनवरी 2023 में आने वाली 6 इलेक्ट्रिक कारें – महिंद्रा XUV400 से लेकर आयोनिक 5 तक

hyundai-ioniq-5-india-1-2

महिंद्रा XUV400 को जनवरी 2023 में लॉन्च किया जाएगा जबकि सिट्रोएन eC3 और एमजी एयर इलेक्ट्रिक का 2023 ऑटो एक्सपो में डेब्यू होगा

साल 2022 को समाप्त होने में अब बस कुछ समय शेष रह गया है और भारत का ऑटोमोबाइल उद्योग 2022 की तरह ही 2023 में भी रोमांचक होने वाला है। दरअसल अगले साल विशेष रूप से इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट कई नए मॉडलों के आगमन का गवाह बनने वाला है, जिसकी झलक 2023 ऑटो एक्सपो में दिखेगी। 2023 ऑटो एक्सपो 13 से 18 जनवरी के बीच ग्रेटर नोएडा में होगा और यह कीमतों की घोषणा के साथ-साथ घरेलू डेब्यू के लिए मंच के रूप में काम करेगा। यहाँ 6 इलेक्ट्रिक कारों को सूचीबद्ध किया गया है।

1. महिंद्रा एक्सयूवी400

महिंद्रा ने कुछ महीने पहले ही अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी एक्सयूवी400 का डेब्यू किया था और अगले महीने इसकी कीमतों का खुलासा होने वाला है। यह कार मूलरूप से एक्सयूवी300 का इलेक्ट्रिक वर्जन है, जिसकी लंबाई 4.2 मीटर की है। इसे 39.4 kWh की क्षमता वाला बैटरी पैक मिलता है, जो एक बार चार्ज होने पर 456 किमी तक की रेंज देने में सक्षम है।

2. टाटा टियागो ईवी

भारत में हाल ही में लॉन्च हुई टाटा टियागो इलेक्ट्रिक की कीमत 8.49 लाख रूपए से लेकर 11.79 लाख (एक्स-शोरूम) रूपए तक जाती है और इसकी डिलीवरी जनवरी 2023 से शुरू होने वाली है। यह कार दो बैटरी विकल्पों में उपलब्ध है, जिसमें पहला 19.2 kWh बैटरी वाला वर्जन 250 किमी और दूसरा वर्जन एक बार चार्ज होने पर 315 किमी की रेंज देने में सक्षम है।फिलहाल यह भारत की सबसे किफायती ईवी है और इसे अब तक 20,000 से ज्यादा की बुकिंग मिल चुकी है।

3. BYD Atto 3

इलेक्ट्रिक कार निर्माता BYD ने हाल ही में ATTO 3 को लॉन्च किया है, जिसकी कीमत 33.99 लाख (एक्स-शोरूम) रूपए है। इस कार को अब तक 1,500 से अधिक की बुकिंग मिल चुकी है और इसकी डिलीवरी अगले महीने से शुरू होगी। इसमें 60.48 kWh बैटरी पैक का इस्तेमाल किया गया है, जो कि इलेक्ट्रिक इंजन के साथ मिलकर 201 बीएचपी की पावर और 301 एनएम का टॉर्क विकसित करता है। यह इलेक्ट्रिक कार 7.3 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है और एक बार चार्ज होने पर 521 किमी की रेंज देने में सक्षम है।

4. सिट्रोएन eC3 इलेक्ट्रिक

सिट्रोएन C3 के इलेक्ट्रिक वर्जन को फिलहाल eC3 कोडनेम दिया गया है और यह अगले महीने भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। रेग्यूलर मॉडल की तुलना में इसमें बहुत कम बदलाव हुए हैं, क्योंकि कॉम्पैक्ट हैचबैक में फेंडर पर चार्जिंग पोर्ट लगा है। इसमें क्रूज कंट्रोल और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे नए फीचर्स जोड़े जाएंगे और फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करने के साथ इसमें लगभग 350 किमी की रेंज मिलेगी।

5. हुंडई आयोनिक 5

हुंडई आयोनिक 5 को जनवरी 2023 में ऑटो एक्सपो में लॉन्च किया जा सकता है, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) हो सकती है। यह कार अपनी सिबलिंग किआ ईवी6 से थोड़ी सस्ती होगी। इसे एक बड़ा बैटरी पैक मिलेगा, जो कि 631 किमी की रेंज देने में सक्षम होगा। यह ई-जीएमपी प्लेटफॉर्म पर आधारित है और इसकी बुकिंग 1 लाख रूपए की टोकन राशि के साथ खुली हैं।

6. एमजी एयर ईवी

एमजी मोटर इंडिया की एयर ईवी में वूलिंग एयर ईवी के साथ कई समानताएं हैं और यह 20 या 25 kWh की क्षमता वाले बैटरी पैक के साथ उपलब्ध होगी। इसमें एक बार चार्ज होने पर लगभग 250 किमी की रेंज होगी। यह प्रीमियम सुविधाओं से भरी हुई एक छोटी सिटी कार होगी और इस तरह इसकी कीमत 10 लाख रुपये से शुरू होने की उम्मीद है। इसे ऑटो एक्सपो 2023 में शोकेस करने के बाद साल के मध्य तक लॉन्च किया जा सकता है।