यहाँ भारतीय बाजार में अगले 2 सालों में लॉन्च होने वाली 3 नई कॉम्पैक्ट एमपीवी को सूचीबद्ध किया है
वर्तमान में कॉम्पैक्ट एमपीवी सेगमेंट में रेनो ट्राइबर इकलौती कार है और कंपनी नई पीढ़ी के मॉडल को लॉन्च करने की योजना बना रही है। इसके साथ ही ट्राइबर पर आधारित निसान कॉम्पैक्ट एमपीवी के लॉन्च की भी पुष्टि हो गई है। इसके अलावा, मारुति सुजुकी एक नए उत्पाद, कोडनेम YDB के साथ इस सेगमेंट में डेब्यू करने की तैयारी कर रही है। आइए इन तीनों आगामी कॉम्पैक्ट एमपीवी के बारे में जान लेते हैं।
1. नई जेनेरशन रेनो ट्राइबर
रेनो ने ट्राइबर को 2019 में भारतीय बाजार में लॉन्च किया था और एमपीवी को इसकी शुरुआत के बाद से अभी तक कोई बड़ा अपडेट नहीं मिला है। वर्तमान में देश में सबसे किफायती 7-सीटर पेशकश एमपीवी को जनवरी 2024 में एक मामूली फीचर अपडेट प्राप्त हुआ और इसकी कीमत 5.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।

कार निर्माता ट्राइबर का नई पीढ़ी का मॉडल लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है और हमें उम्मीद है कि यह 2025-2026 में किसी समय लॉन्च होगी। हालांकि, नई पीढ़ी की ट्राइबर के बारे में फिलहाल विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है, लेकिन एमपीवी को नए डिजाइन और नए फीचर्स के साथ अपडेटेड केबिन लेआउट मिलेगा।
2. नई निसान कॉम्पैक्ट एमपीवी

निसान भारतीय बाजार में एक नई किफायती एमपीवी पेश करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कॉम्पैक्ट एमपीवी रेनो ट्राइबर की आने वाली अगली पीढ़ी पर आधारित होगी, जिसकी लंबाई 4 मीटर से कम होगी। हम उम्मीद करते हैं कि जापानी कार निर्माता इसे अपने रेनो समकक्ष से अलग करने के लिए महत्वपूर्ण बदलाव करेगा।हालांकि सीटिंग कॉन्फ़िगरेशन, फीचर्स समान हो सकती है। कीमत के मामले में यह संभवतः ट्राइबर के बराबर स्थित होगी और समान पावरट्रेन के साथ-साथ प्लेटफार्म भी समान होगा। निसान की नई एमपीवी नई ट्राइबर के लॉन्च के तुरंत बाद भारत में डेब्यू करेगी।
3. मारुति सुजुकी कॉम्पैक्ट एमपीवी
मारुति सुजुकी की नई कॉम्पैक्ट एमपीवी के 2026 तक भारतीय बाजार में डेब्यू करने की उम्मीद है और यह अर्टिगा के नीचे स्थित होगी। YDB कोडनेम वाला यह फोर-व्हील वाहन अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बेची जाने वाली सुजुकी स्पेसिया पर आधारित होगा। इस 7-सीटर एमपीवी की लंबाई संभवतः 4 मीटर से कम होगी।

आगामी कॉम्पैक्ट एमपीवी घरेलू बाजार में रेनो ट्राइबर को टक्कर देगी और इसे ब्रांड की नेक्सा डीलरशिप सीरीज के माध्यम से बेचा जाएगा। उम्मीद है कि एमपीवी में 1.2-लीटर 3-सिलेंडर जेड-सीरीज़ पेट्रोल इंजन का उपयोग किया जाएगा, जिसका उपयोग वर्तमान में नई स्विफ्ट और डिज़ायर में किया जा रहा है।