
नया 350 Alpha2 लिक्विड-कूल्ड इंजन सेगमेंट में पहली बार दिए गए 6-स्पीड गियरबॉक्स और असिस्ट व स्लिपर क्लच के साथ आता है
क्लासिक लेजेंड्स ने आज भारतीय बाजार में येज़्दी रोडस्टर Red Wolf Edition को 2.10 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, दिल्ली) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है। इसे 3 मार्च 2026 की ‘Red Moon’ नाइट के मौके पर लॉन्च किया गया है।रेड वुल्फ एडिशन को गहरे लाल रंग और क्रोम फिनिश के साथ पेश किया गया है, जो इसे खास और अलग लुक देता है। यह एक लिमिटेड एडिशन मॉडल है। इसके साथ कंपनी 4 साल या 50,000 किलोमीटर तक की वारंटी भी दे रही है।
इस बाइक में चमकदार लाल रंग के साथ एग्जॉस्ट, इंजन और हैंडलबार पर क्रोम फिनिश दी गई है। डिजाइन के मामले में यह स्टैंडर्ड मॉडल जैसा ही है, जिसमें स्कल्प्टेड फ्यूल टैंक, चौड़ा रियर फेंडर, हगर फेंडर और सेगमेंट के सबसे चौड़े रियर टायर शामिल हैं। फीचर्स की बात करें तो इसमें असिस्ट और स्लिपर क्लच, ड्यूल-चैनल एबीएस और एलईडी लाइटिंग जैसे आधुनिक फीचर्स मिलते हैं।
रेड वुल्फ एडिशन में ब्राउन कलर की सीट दी गई है और ग्राहक मॉड्यूलर सोलो या पिलियन सेटअप का विकल्प चुन सकते हैं। ट्विन-बैरल एग्जॉस्ट की खास आवाज इसकी एक बड़ी पहचान है। बाइक में 12.5 लीटर का फ्यूल टैंक है, जिससे एक बार में 350 किमी से ज्यादा की रेंज मिल सकती है। सेंटर-फॉरवर्ड फुटपेग्स के कारण इसकी राइडिंग पोजीशन आरामदायक है।

ब्रेकिंग के लिए आगे 320 मिमी और पीछे 240 मिमी डिस्क ब्रेक दिए गए हैं। सस्पेंशन सेटअप में टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स और ड्यूल रियर शॉक एब्जॉर्बर्स शामिल हैं। सीट की ऊंचाई 795 मिमी और ग्राउंड क्लीयरेंस 171 मिमी है। इसमें 350 सीसी का सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड Alpha2 पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 6-स्पीड गियरबॉक्स से जुड़ा है।
लॉन्च के मौके पर Anupam Thareja ने कहा कि रेड वुल्फ, येज़्दी रोडस्टर लाइनअप का हिस्सा है और यह भारत की क्लासिक मोटरसाइकिल विरासत को आगे बढ़ाती है। इसका लुक 1970 के दशक के गहरे लाल और मेटैलिक रंगों से प्रेरित है, जो इसे विंटेज स्टाइल देता है। वहीं अंदर से इसमें आधुनिक तकनीक दी गई है, जो भारतीय सड़कों और आज के राइडर्स के लिए पूरी तरह तैयार है।
इस एडिशन के साथ कंपनी का ओनरशिप एश्योरेंस प्रोग्राम भी मिलता है। इसमें 4 साल या 50,000 किमी की वारंटी दी जाती है। इसके अलावा 6 साल तक की बढ़ी हुई वारंटी, 8 साल तक रोडसाइड सहायता और 5 साल तक एएमसी की सुविधा मिलती है। देशभर में 450 से ज्यादा सेल्स और सर्विस सेंटर पर इसकी सेवाएं उपलब्ध हैं।