Yamaha YZF-R2 भारत में 27 अगस्त को हो सकती है लॉन्च, जानें डिटेल्स

yamaha-r7-2023-india.jpg
Yamaha R7

यामाहा अपनी परफॉर्मेंस बाइक लाइनअप का विस्तार करते हुए R15 और R3 के बीच नई फुली-फेयर्ड YZF-R2 मोटरसाइकिल लॉन्च करने की योजना बना रही है

यामाहा भारत में अपनी स्पोर्टबाइक लाइनअप का विस्तार करने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी 27 अगस्त को नई YZF-R2 से पर्दा उठा सकती है। ट्रेडमार्क फाइलिंग सामने आने के बाद से इस बाइक को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। लॉन्च के बाद यह बाइक R15 और R3 के बीच की कमी को पूरा करेगी और कंपनी की लोकप्रिय स्पोर्टबाइक्स में शामिल हो सकती है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, यामाहा ने YZF-R2 को खास तौर पर उभरते बाजारों के लिए नए प्लेटफॉर्म पर तैयार किया है। इस बाइक का निर्माण कंपनी के चेन्नई प्लांट में किया जा सकता है, जहां से इसे भारत के साथ-साथ दूसरे देशों में भी निर्यात किया जाएगा। लोकल मैन्युफैक्चरिंग की वजह से इसकी कीमत प्रतिस्पर्धी रखी जा सकती है।

नई Yamaha YZF-R2 में लगभग 200 cc का नया सिंगल-सिलेंडर, लिक्विड-कूल्ड और फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन मिलने की उम्मीद है। इसमें VVA (Variable Valve Actuation) तकनीक भी दी जा सकती है। यह इंजन करीब 24-25 hp की पावर और 19 Nm का टॉर्क पैदा कर सकता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स, असिस्ट और स्लिपर क्लच मिलने की संभावना है। R15 के मुकाबले बड़ा इंजन होने की वजह से यह बाइक तेज रफ्तार जल्दी पकड़ेगी और हाईवे पर चलाने में ज्यादा आरामदायक होगी।

Yamaha-R7-1
Yamaha R7

हार्डवेयर की बात करें तो इसमें Deltabox फ्रेम, USD फ्रंट फोर्क्स, रियर मोनोशॉक सस्पेंशन, दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक और डुअल-चैनल ABS मिलने की उम्मीद है। यामाहा इस बाइक की हैंडलिंग को पहले से ज्यादा शार्प और स्पोर्टी बनाने पर भी काम कर रही है।

डिजाइन के मामले में YZF-R2 का लुक यामाहा की नई ग्लोबल R-सीरीज बाइक्स से प्रेरित हो सकता है। इसमें बड़ा फुल फेयरिंग, मस्कुलर फ्यूल टैंक, स्प्लिट सीट, एयरोडायनामिक बॉडी पैनल, LED लाइटिंग और क्लिप-ऑन हैंडलबार दिए जा सकते हैं। इसका आकार भी R15 के मुकाबले बड़ा होगा, जिससे इसकी सड़क पर मौजूदगी और बेहतर नज़र आएगी।

yamaha R7
Yamaha R7

फीचर्स की बात करें तो नई यामाहा YZF-R2 में TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, Yamaha Y-Connect, टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, बाई-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर, क्रूज़ कंट्रोल और मल्टीपल राइडिंग मोड्स जैसे आधुनिक फीचर्स मिल सकते हैं। इसकी कीमत 2.10 लाख रुपये से 2.30 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच हो सकती है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला KTM RC 200, Hero Karizma XMR 210 और Suzuki Gixxer SF 250 से होगा।