Yamaha FZ Flex Fuel बाइक E20 से E85 तक के इथेनॉल मिले पेट्रोल पर चल सकती है और इसकी कीमत 1.24 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है
यामाहा इंडिया ने आज भारतीय बाजार में अपनी पहली फ्लेक्स फ्यूल मोटरसाइकिल FZ Blue Flex लॉन्च कर दी है। इसकी एक्स-शोरूम (दिल्ली) कीमत 1.24 लाख रुपये रखी गई है। ग्राहक यामाहा की आधिकारिक वेबसाइट पर 2,000 रुपये की टोकन राशि देकर इसकी बुकिंग कर सकते हैं। यह बाइक E20 से लेकर E85 तक के इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर चल सकती है। भारत में यह यामाहा की पहली फ्लेक्स फ्यूल बाइक है। हाल ही में भारत सरकार ने E20 पेट्रोल को बढ़ावा दिया है। इससे सामान्य पेट्रोल की खपत कम होगी और प्रदूषण को भी घटाने में मदद मिलेगी।
नई Yamaha FZ Blue Flex का डिजाइन रेगुलर FZ जैसा ही रखा गया है। इसमें फुल-LED प्रोजेक्टर हेडलैंप, इंटीग्रेटेड पोजिशन लाइट्स, मस्कुलर फ्यूल टैंक, फॉक्स एयर वेंट्स, कॉम्पैक्ट एग्जॉस्ट, सिंगल-पीस सीट और LED टेललाइट दी गई है। सस्पेंशन के लिए आगे टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स और पीछे स्विंगआर्म सस्पेंशन मिलता है। फिलहाल इसे Metallic Black रंग में लॉन्च किया गया है।
शुरुआत में यामाहा इस बाइक की बिक्री दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में अपने चुनिंदा Blue Square डीलरशिप्स के जरिए करेगी। इसमें 149cc का एयर-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन दिया गया है, जो 11.5 bhp की पावर और 12.8 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है।

लॉन्च के मौके पर Yamaha Motor India Group के चेयरमैन हाजीमे आओटा ने कहा कि “भविष्य में प्रदूषण कम करने के लिए सिर्फ एक तकनीक पर निर्भर रहना सही नहीं है। इसलिए कंपनी इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ-साथ Blue Flex जैसी नई तकनीक भी लेकर आई है। यह कदम भारत सरकार की बायोफ्यूल नीति के अनुरूप है। उनका कहना है कि यामाहा का लक्ष्य ग्राहकों को बेहतर, आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल वाहन उपलब्ध कराना है।”
फीचर्स की बात करें तो FZ Blue Flex में फ्रंट और रियर डिस्क ब्रेक के साथ Bosch का सिंगल-चैनल ABS दिया गया है। इसमें LCD डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है, जिसमें स्पीडोमीटर, टैकोमीटर, फ्यूल गेज और अन्य जरूरी जानकारी दिखाई देती है। इसके अलावा बाइक में साइड-स्टैंड इंजन कट-ऑफ, 140 mm चौड़ा रियर रेडियल टायर और इंजन काउल जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
ग्राहक चाहें तो अतिरिक्त कीमत देकर LED टर्न इंडिकेटर्स को एक्सेसरी के रूप में भी खरीद सकते हैं। बाइक में दो-लेवल सीट दी गई है, जो लंबी दूरी की राइड के दौरान आरामदायक राइडिंग पोजिशन देती है। यह 17-इंच के अलॉय व्हील्स और ट्यूबलेस टायर्स के साथ आती है। बाइक का कुल वजन 139 किलोग्राम है।