
Yamaha EC-06 में 4.5 kW की इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 9 HP तक की पावर देती है और इसमें 4 kWh की फिक्स्ड लिथियम-आयन बैटरी लगी है
यामाहा ने भारतीय बाजार में EC 06 के साथ Aerox-E का खुलासा किया है। मुंबई में आयोजित एक इवेंट के दौरान इन्हें पेश किया गया। यह स्कूटर रिवर इंडी (River Indie) पर आधारित है और इसके 2026 की पहली तिमाही में लॉन्च होने की उम्मीद है। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है। EC 06 का निर्माण रिवर की होसकोटे (कर्नाटक) स्थित फैक्ट्री में किया जाएगा।
यामाहा EC 06 का डिज़ाइन इंडी की तुलना में ज्यादा शार्प और बॉक्सी है। इसमें एलईडी हेडलैंप, एलईडी टेललैंप, दोनों तरफ डिस्क ब्रेक, और कलर LCD डिस्प्ले जैसी आधुनिक सुविधाएँ दी गई हैं। इसका अंडरसीट स्टोरेज 24.5 लीटर का है, जो इंडी के 43 लीटर से कम है।
इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में 4 kWh की फिक्स्ड बैटरी पैक दी गई है, जो 160 किमी की रेंज प्रदान करती है। यह बैटरी 4.5 kW के इलेक्ट्रिक मोटर से जुड़ी है, जो 9 बीएचपी तक की पावर देती है। यामाहा के अनुसार, इसे घरेलू चार्जर से पूरी तरह चार्ज करने में लगभग 9 घंटे लगेंगे, जो भारतीय ईवी स्कूटरों में सबसे लंबा चार्जिंग समय माना जा सकता है।

EC 06 में इको, स्टैंडर्ड और पावर के साथ तीन राइड मोड्स दिए गए हैं, साथ ही रिवर्स मोड भी मौजूद है। इसमें इनबिल्ट टेलीमैटिक्स यूनिट और सिम कार्ड दिया गया है, जिससे आप रियल-टाइम डेटा और कनेक्टिविटी LCD स्क्रीन पर देख सकते हैं। इसकी टॉप स्पीड 90 किमी/घंटा है, जो रिवर इंडी के बराबर है। इसका चेसिस भी इंडी से लिया गया है।
यामाहा EC 06 को एक आधुनिक और प्रीमियम लाइफस्टाइल इलेक्ट्रिक स्कूटर के रूप में पेश किया गया है, जो स्मूद और रेस्पॉन्सिव राइडिंग एक्सपीरियंस देने का वादा करता है। इसे खासकर यंग और टेक-सेवी राइडर्स के लिए बनाया गया है, जो स्टाइल, टेक्नोलॉजी और सस्टेनेबिलिटी को महत्व देते हैं।

फिलहाल, यामाहा भारत की एकमात्र प्रमुख ICE (पेट्रोल इंजन) ब्रांड है जिसके पोर्टफोलियो में अभी तक कोई इलेक्ट्रिक वाहन नहीं था। इसके प्रतिद्वंद्वी जैसे बजाज (Chetak EV), हीरो (Vida V2), होंडा (Activa e:), टीवीएस (iQube) और सुजुकी (e-Access) पहले से इस सेगमेंट में मौजूद हैं।