Yamaha EC-06 इलेक्ट्रिक स्कूटर में 4kWh की फिक्स्ड बैटरी दी गई है और यह 79 km/h की टॉप स्पीड, 26 Nm का टॉर्क, और 6.7 kW की पीक पावर प्रदान करता है
इंडिया यामाहा मोटर ने आज अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर EC-06 की कीमत की घोषणा कर दी है। इस नए इलेक्ट्रिक स्कूटर की एक्स-शोरूम कीमत दिल्ली में 1,67,600 रुपये रखी गई है। यह स्कूटर Bluish White कलर में उपलब्ध होगा और इसे चुनिंदा शहरों में Yamaha के प्रीमियम Blue Square शोरूम्स के जरिए बेचा जाएगा। EC-06 के लॉन्च के साथ Yamaha ने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेगमेंट में आधिकारिक रूप से कदम रख लिया है।
यह लॉन्च भारत सरकार के ‘National Mission on Transformative Mobility’ और 2070 तक Net-Zero उत्सर्जन के लक्ष्य के अनुरूप है। EC-06 के जरिए Yamaha अपने कार्बन-न्यूट्रलिटी लक्ष्यों को मजबूत कर रही है और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में योगदान दे रही है। यामाहा EC-06 को खासतौर पर उन ग्राहकों के लिए डिजाइन किया गया है जो स्टाइलिश, मॉडर्न और प्रैक्टिकल कम्यूटर की तलाश में हैं।
यह इलेक्ट्रिक स्कूटर 169 किलोमीटर की सर्टिफाइड रेंज प्रदान करता है, जिससे यह रोज़मर्रा की यात्रा के लिए एक शानदार विकल्प बन जाता है। स्कूटर में IPMSM (Interior Permanent Magnet Synchronous Motor) और 4kWh फिक्स्ड बैटरी दी गई है। यह 79 km/h की टॉप स्पीड, 26 Nm का टॉर्क, और 6.7 kW की पीक पावर प्रदान करता है। बैटरी पर 3 साल या 30,000 किलोमीटर की वारंटी मिलती है। EC-06 को घर के सामान्य प्लग से चार्ज किया जा सकता है और इसे फुल चार्ज होने में लगभग 8 घंटे लगते हैं।

सुरक्षा के लिहाज से, स्कूटर के मोटर और बैटरी को IP67 और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स को IP65 सर्टिफिकेशन मिला है, जिससे यह पानी और धूल से सुरक्षित रहता है। इसमें ईको, स्टैंडर्ड और पावर के साथ तीन राइडिंग मोड दिए गए हैं, साथ ही तंग जगहों में आसान मूवमेंट के लिए रिवर्स मोड भी मिलता है।
यामाहा EC-06 में फ्रंट और रियर डिस्क ब्रेक्स, CBS (Combi Brake System), LCD डिजिटल डिस्प्ले, LED हेडलाइट्स और टेललाइट्स, और Yamaha Motor Connect R ऐप सपोर्ट जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं। इसमें 24.5 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज भी मिलता है, जिससे हेलमेट और रोज़मर्रा का सामान आसानी से रखा जा सकता है।

यामाहा मोटर इंडिया ग्रुप के चेयरमैन हाजिमे एओटा ने कहा कि “EC-06 Yamaha की सस्टेनेबल अर्बन मोबिलिटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह स्कूटर भारत की हरित (ग्रीन) अर्थव्यवस्था और बेहतर भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। EC-06 को खासतौर पर युवाओं के लिए बनाया गया है, जो टेक्नोलॉजी पसंद करते हैं, स्टाइलिश राइड चाहते हैं और पर्यावरण के अनुकूल स्मार्ट मोबिलिटी विकल्प की तलाश में हैं।”