यामाहा Aerox-E परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक मैक्सी स्कूटर में 9.5 kW का इलेक्ट्रिक मोटर, दो रिमूवेबल बैटरी पैक और TFT डिस्प्ले के साथ कनेक्टेड फीचर्स मिलते हैं
यामाहा ने भारत में अपने पहले प्रीमियम इलेक्ट्रिक मैक्सी स्कूटर Aerox-E की कीमत का खुलासा किया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 2.82 लाख रुपये रखी गई है। नवंबर 2025 में पहली बार पेश किए गए इस इलेक्ट्रिक स्कूटर के जरिए कंपनी ने अपनी लोकप्रिय Aerox सीरीज को EV सेगमेंट में उतारा है।
इसका डिज़ाइन और स्पोर्टी कैरेक्टर काफी हद तक Aerox 155 जैसा ही रखा गया है। फिलहाल यह भारत में Yamaha का सबसे महंगा टू-व्हीलर भी बन गया है। यामाहा Aerox-E में 9.5 kW की इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 48 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करती है।
इसके साथ 1.5 kWh क्षमता वाले दो रिमूवेबल लिथियम-आयन बैटरी पैक मिलते हैं, जिनकी कुल क्षमता 3 kWh है। कंपनी के अनुसार, इन बैटरियों को आसानी से निकालकर घर या ऑफिस में चार्ज किया जा सकता है। फुल चार्ज पर यह स्कूटर 117 किमी (IDC) तक की रेंज देने का दावा करता है। Aerox-E का वजन 139 किलोग्राम है, जो पेट्रोल वाले Aerox 155 से करीब 13 किलोग्राम ज्यादा है।

राइडर अपनी जरूरत के अनुसार Eco, Standard और Power राइडिंग मोड्स चुन सकते हैं। इसके अलावा इसमें बूस्ट मोड भी दिया गया है, जो ओवरटेकिंग या फास्ट एक्सीलरेशन के दौरान अतिरिक्त पावर देता है। इसकी टॉप स्पीड 95.5 किमी/घंटा है और इसमें 14-इंच के Y-शेप अलॉय व्हील्स दिए गए हैं।
साथ ही इसमें Reverse Mode भी मिलता है, जिससे तंग जगहों पर पार्किंग करना आसान हो जाता है। डिजाइन की बात करें तो Aerox-E काफी हद तक पेट्रोल मॉडल जैसा ही दिखता है। इसमें मस्कुलर बॉडी, X-शेप डिजाइन, शार्प बॉडी पैनल, फुल-LED लाइटिंग, ट्विन LED हेडलैंप, LED टर्न इंडिकेटर्स और 3D इफेक्ट वाली LED टेललाइट दी गई है।

फीचर्स के तौर पर स्कूटर में फुल-कलर TFT इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले मिलता है, जिसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा है। इसके अलावा यामाहा Y-Connect ऐप के जरिए मेंटेनेंस रिमाइंडर, राइड स्टैटिस्टिक्स और Last Parked Location जैसी कनेक्टेड फीचर्स का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें Smart Key और एक्सटर्नल चार्जिंग पोर्ट भी दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिए Aerox-E में आगे और पीछे डिस्क ब्रेक दिए गए हैं, जिनके साथ सिंगल-चैनल ABS मिलता है। कंपनी का दावा है कि अतिरिक्त बैटरी वजन को ध्यान में रखते हुए इसके सस्पेंशन को नए सिरे से ट्यून किया गया है, जिससे कॉर्नरिंग के दौरान बेहतर स्थिरता और स्पोर्टी राइडिंग का अनुभव मिलता है।