Volkswagen Tiguan R-Line में लेवल 2 ADAS, 9 एयरबैग, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, पार्क असिस्ट प्लस सहित कई फीचर्स मिलते हैं
फॉक्सवैगन इंडिया ने आज बिल्कुल नई Tiguan R-Line के बाजार में लॉन्च की घोषणा की है और इसकी शुरुआती कीमत 48.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम, इंट्रोडक्टरी) है। इसमें 2.0 लीटर टर्बो फोर-सिलेंडर पेट्रोल इंजन है जो 204 पीएस की अधिकतम पावर और 320 एनएम का पीक टॉर्क उत्पन करता है, जिसे 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के माध्यम से ब्रांड के ऑल-व्हील-ड्राइव सेटअप में जोड़ा गया है।
आकार के मामले में, नई टिगुआन आर-लाइन 4,539 मिमी लंबी, 1,859 मिमी चौड़ी और 2,680 मिमी के व्हीलबेस के साथ 1,656 मिमी ऊंची है। इसे देश में पूरी तरह से इम्पोर्ट के रूप में लाया जाएगा। आगे की तरफ, टिगुआन आर-लाइन में कनेक्टेड एलईडी स्ट्रिप के साथ स्लीक हेडलाइट्स हैं और नीचे की तरफ सिल्वर लिप के साथ एक विशाल मेश-पैटर्न वाला एयर डैम है।
साइड की बात करें तो टिगुआन आर-लाइन में 19 इंच के अलॉय व्हील्स हैं और इसमें काफी कम बॉडी क्लैडिंग का इस्तेमाल किया गया है। वहीं, पीछे की तरफ स्मोक्ड इफेक्ट वाली बड़ी लाइट बार और ऊपर की तरफ रूफ स्पॉइलर है। एसयूवी में 6 कलर ऑप्शन उपलब्ध हैं, जिनमें सिप्रेसिनो ग्रीन मेटैलिक, ग्रेनेडिला ब्लैक मेटैलिक, नाइटशेड ब्लू मेटैलिक, ओरिक्स व्हाइट मदर ऑफ पर्ल इफेक्ट, ऑइस्टर सिल्वर मेटैलिक और पर्सिमोन रेड मेटैलिक शामिल हैं।

टिगुआन आर-लाइन के केबिन में डैशबोर्ड और स्पोर्ट्स सीटों पर ब्लू स्टिचिंग के साथ ऑल-ब्लैक कलर स्कीम है। इसमें 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम है, जो वायरलेस एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो प्रदान करता है। साथ ही इसमें क्लाइमेट कंट्रोल फंक्शन भी दिया गया है। साथ ही इसमें ‘आर’ बैजिंग वाला तीन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और 10.3 इंच का ऑल-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिलता है।
टिगुआन आर-लाइन में दिए जाने वाले अन्य बेहतरीन फीचर्स में पैनोरैमिक सनरूफ, 30-कलर एम्बिएंट लाइटिंग, 3-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल, ब्रश्ड स्टेनलेस स्टील पैडल, मसाजिंग फ्रंट सीट, दो फोन तक के लिए वायरलेस चार्जिंग और लेवल 2 ADAS शामिल हैं। भारत-स्पेक टिगुआन आर-लाइन फॉक्सवैगन की पार्क असिस्ट प्लस तकनीक से भी लैस है।

नई टिगुआन आर-लाइन के लिए भारत में अधिकृत फॉक्सवैगन आउटलेट्स और ऑनलाइन बुकिंग खुली हैं और इसका मुकाबला टोयोटा फॉर्च्यूनर, जल्द ही लॉन्च होने वाली स्कोडा कोडियाक, एमजी ग्लॉस्टर जैसी फुल साइज एसयूवी से है, जिसे इस साल के अंत में मैजेस्टर के रूप में अधिक प्रीमियम अवतार मिल रहा है।