फॉक्सवैगन Tayron R-Line भारत में 2026 की पहली तिमाही में होगी लॉन्च

volkswagen-tayron-3

फॉक्सवैगन Tayron R-Line 7-सीटर प्रीमियम एसयूवी पोर्टफोलियो में टिगुआन से ऊपर होगी और इसे स्थानीय स्तर पर असेंबल किया जाएगा

फॉक्सवैगन इंडिया ने आधिकारिक तौर पर अपनी नई फ्लैगशिप एसयूवी Tayron R-Line के भारत में आगमन की पुष्टि कर दी है। यह प्रीमियम एसयूवी 2026 की पहली तिमाही में लॉन्च की जाएगी। Tayron R-Line के साथ फॉक्सवैगन उन ग्राहकों को टारगेट करेगी, जो एक प्रीमियम 7-सीटर एसयूवी में भरपूर जगह, लग्ज़री, प्रीमियम क्वालिटी और शानदार कम्फर्ट की तलाश कर रहे हैं।

इस मौके पर फॉक्सवैगन इंडिया के ब्रांड डायरेक्टर नितिन कोहली ने कहा, “जैसे-जैसे हम अपने प्रीमियम प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को मजबूत कर रहे हैं, वैसे-वैसे भारतीय कार खरीदारों की बदलती उम्मीदों को भी पूरा कर रहे हैं। नई Tayron R-Line भारतीय ग्राहकों के लिए हमारी इस सोच का सच्चा प्रतिनिधि है। प्रतिस्पर्धी कीमत सुनिश्चित करने के लिए हम इस एसयूवी को छत्रपति संभाजीनगर स्थित हमारे प्लांट में स्थानीय स्तर पर असेंबल करेंगे।”

भारत में फॉक्सवैगन की सबसे प्रीमियम एसयूवी Tayron R-Line 7 लोगों के बैठने की सुविधा को कंपनी की खास R-Line स्पोर्टी डिजाइन के साथ पेश करती है। यह एसयूवी मजबूत और आकर्षक लुक के साथ आती है, जिसमें R-Line के खास डिजाइन एलिमेंट्स दिए गए हैं। इन्हीं खूबियों की वजह से यह अपने सेगमेंट में स्टाइल और प्रीमियम फील का नया मानक तय करती है।

Volkswagen Tayron

टायरॉन की सबसे बड़ी खासियत इसका बड़ा आकार है। इसकी लंबाई 4,770 मिमी है, जो इसे एक पूरी तरह से फैमिली एसयूवी बनाती है। यह यूरोपियन-स्पेक टिगुआन से 231 मिमी लंबी है। इसका व्हीलबेस भी बढ़ाकर 2,791 मिमी किया गया है, जो पहले से 110 मिमी ज्यादा है। इससे खासतौर पर दूसरी और तीसरी पंक्ति में बैठने वाले यात्रियों को ज्यादा जगह मिलती है।

पीछे का बढ़ा हुआ हिस्सा एसयूवी को देखने में और ज्यादा दमदार बनाता है। इसके 7-सीटर लेआउट में बूट स्पेस 345 लीटर का है, जबकि तीसरी पंक्ति की सीटें फोल्ड करने पर (5-सीटर मोड में) यह बढ़कर 885 लीटर हो जाता है। R-Line वर्जन में ज्यादा स्पोर्टी बंपर और खास डिजाइन डिटेलिंग दी गई है, जिससे इसका लुक और ज्यादा आक्रामक व आकर्षक बन जाता है।

VW Tayron

ग्लोबल मार्केट में यह SUV बड़े 15-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10.25-इंच के फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, थ्री-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरैमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS), हार्मन कार्डन प्रीमियम ऑडियो, केबिन में एम्बिएंट लाइटिंग और हर जगह हाई-क्वालिटी मैटीरियल्स के साथ पेश की जाती है।भारतीय बाजार के लिए वोक्सवैगन इंजन विकल्पों को सीमित रखने की संभावना है। इसमें 2.0 लीटर TSI टर्बो पेट्रोल इंजन होगा, जो Tiguan R-Line में मिलता है। यह इंजन 204 एचपी की पावर और 320 एनएम का टॉर्क देता है और इसे 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जाएगा।