VinFast VF 6 & VF 7 ने Bharat NCAP में हासिल की 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग

VinFast VF 6 और VF 7 ने भारत NCAP क्रैश टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया और दोनों इलेक्ट्रिक SUVs ने 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है

VinFast ने भारत में सुरक्षा के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी की दोनों इलेक्ट्रिक एसयूवी VF 6 और VF 7 को Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। VF 6 ने एडल्ट सेफ्टी में 32 में से 27.13 अंक और चाइल्ड सेफ्टी में 49 में से 44.41 अंक हासिल किए हैं। वहीं VF 7 ने इससे भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए एडल्ट सेफ्टी में 32 में से 28.54 अंक और चाइल्ड सेफ्टी में 49 में से 45.25 अंक प्राप्त किए।

भारत NCAP की आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों SUV ने अलग-अलग क्रैश टेस्ट में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। फ्रंटल ऑफसेट क्रैश टेस्ट में VF 6 और VF 7 को ड्राइवर और आगे बैठे यात्री के सिर, गर्दन और पैरों की सुरक्षा के लिए पूरे 4 अंक मिले। साइड इम्पैक्ट टेस्ट में भी इन दोनों गाड़ियों ने मजबूत सेफ्टी दिखाते हुए अच्छा स्कोर हासिल किया।

दोनों मॉडलों ने एडल्ट सेफ्टी में 16.000 में से 16.000 अंक और चाइल्ड सेफ्टी में 8.000 में से 8.000 अंक हासिल किए। साइड पोल इम्पैक्ट टेस्ट के नतीजे भी काफी सकारात्मक रहे। VF 6 के लिए हेड इंजरी क्राइटेरिया वैल्यू 109 और VF 7 के लिए 131 दर्ज की गई, जो Bharat NCAP की तय सीमा 700 से काफी कम है। इसका मतलब है कि गंभीर साइड टक्कर होने पर भी इन गाड़ियों की बॉडी मजबूत रहती है और सेफ्टी सिस्टम यात्रियों को अच्छी तरह सुरक्षित रखते हैं।

Vinfast VF7 BNCAP

भारत सरकार के तहत संचालित Bharat NCAP, Global NCAP और ASEAN NCAP जैसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप क्रैश टेस्ट करता है। इसमें गाड़ियों को एडल्ट और चाइल्ड सेफ्टी के आधार पर 3 से 5 स्टार रेटिंग दी जाती है। 5-स्टार रेटिंग मिलने के साथ VF 6 और VF 7 भारत में टेस्ट की गई सबसे सुरक्षित गाड़ियों में शामिल हो गई हैं।

VinFast की ये दोनों इलेक्ट्रिक SUVs तमिलनाडु स्थित कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में असेंबल की जाती हैं और एक खास EV प्लेटफॉर्म पर आधारित हैं। सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो इनमें 7 एयरबैग्स स्टैंडर्ड, हाई-स्ट्रेंथ बॉडी स्ट्रक्चर और वेरिएंट के हिसाब से ADAS फीचर्स जैसे अडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, इमरजेंसी लेन कीप असिस्ट, फ्रंट और रियर ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग, ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन और ऑटो लेन चेंज असिस्ट शामिल हैं।

Vinfast VF6 BNCAP

इस नई उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए, विनफास्ट इंडिया के सीईओ तपन घोष ने कहा, “भारत NCAP द्वारा VF 6 और VF 7 को दी गई 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह उपलब्धि भारत जैसे दुनिया के सबसे बड़े ऑटोमोबाइल बाजारों में विनफास्ट के इलेक्ट्रिक वाहनों की बेहतरीन गुणवत्ता और ऊँचे सुरक्षा मानकों को दर्शाती है। इन नतीजों से साफ होता है कि विनफास्ट की ईवी गाड़ियां मजबूत इंजीनियरिंग पर बनी हैं और कड़े सेफ्टी टेस्ट मानकों पर पूरी तरह खरी उतरती हैं।”