Vinfast VF 6 और VF 7 भारत में हुई लॉन्च, कीमत 16.49 लाख से शुरू – 450 किमी तक की रेंज

भारतीय बाजार में VF 6 और VF 7 इलेक्ट्रिक एसयूवी को 59.6 kWh और 70.8 kWh बैटरी पैक के साथ पेश किया गया है

विनफास्ट ने आज भारत में अपनी दो इलेक्ट्रिक एसयूवी VF 6 और VF 7 को लॉन्च कर दिया है। दोनों मॉडलों की कीमत प्रतिस्पर्धी रखी गई है ताकि ज्यादा ग्राहकों को आकर्षित किया जा सके। कंपनी ने भारत में अपनी मैन्युफैक्चरिंग मौजूदगी तमिलनाडु के तूतीकोरिन स्थित प्लांट के साथ स्थापित की है। इनकी बुकिंग जुलाई 2025 में 21,000 रुपये की टोकन राशि के साथ शुरू हुई थी और इनकी डिलीवरी जल्द ही शुरू होंगी।

भारतीय बाजार में VF 6 इलेक्ट्रिक एसयूवी की शुरुआती कीमत 16.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। वहीं इसका विंड वेरिएंट 17.17 लाख रुपये और विंड इंफिनिटी वेरिएंट 18.29 लाख रुपये की कीमत में आता है। विनफास्ट VF 6 की लंबाई 4,241 मिमी, चौड़ाई 1,834 मिमी, ऊँचाई 1,580 मिमी और व्हीलबेस 2,730 मिमी का है और इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 190 मिमी है। भारत में इसका मुकाबला टाटा कर्व, महिंद्रा BE 6, हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक आदि से होगा।

इसके एक्सटीरियर में वी-आकार की एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइटें, फ्लश डोर हैंडल, LED हेडलाइट और टेललाइट सेटअप, डोर और व्हील आर्च पर क्लैडिंग, रनिंग बोर्ड, फॉक्स रूफ रेल्स और रूफ स्पॉइलर आदि शामिल हैं। अंदर की ओर, इसमें 12.9-इंच का इंफोटेनमेंट स्क्रीन, हेड-अप डिस्प्ले (HUD), पैनोरैमिक ग्लास रूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और लेदरेट अपहोल्स्ट्री दी गई है।

Vinfast VF6 (3)

इस SUV में 59.6 kWh बैटरी है, जो लगभग 480 किमी की रेंज देती है। इसमें 204 बीएचपी की पावर और 310 एनएम का टॉर्क देने वाली वाली एक FWD मोटर है, जो 0-100 km/h की रफ्तार 8.89 सेकंड में पकड़ लेती है। यह 7.2 kW तक के AC चार्जर और DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है।

सुरक्षा फीचर्स में लेवल-2 ADAS, 7 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा, ऑटो हेडलाइट और वाइपर, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक व अन्य शामिल हैं। वहीं VF 7 एसयूवी की शुरुआती कीमत Earth FWD वेरिएंट के लिए 20.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। वहीं Wind FWD 23.49 लाख रुपये, Wind Infinity FWD 23.99 लाख रुपये, Sky AWD 24.99 लाख रुपये और Sky Infinity AWD 25.49 लाख रुपये की कीमत में उपलब्ध है।

Vinfast Vf7 (2)

इसका मुकाबला Mahindra XEV 9e और Tata Harrier EV जैसी गाड़ियों से होगा। Earth FWD वेरिएंट में 59.6 kWh बैटरी है, जबकि बाकी सभी वेरिएंट में 70.8 kWh बैटरी मिलती है, जो लगभग 450 किमी तक की रेंज देती है। FWD वेरिएंट 204 बीएचपी की पावर और 310 Nm का टॉर्क देता है, जबकि AWD वेरिएंट 350 बीएचपी की पावर और 500 Nm का टॉर्क देता है। VF 7 की लंबाई 4,545 मिमी, चौड़ाई 1,890 मिमी, ऊँचाई 1,636 मिमी और व्हीलबेस 2,840 मिमी है। ग्राउंड क्लीयरेंस 190 mm और व्हील साइज 19 इंच है।

VF 7 और इसकी बैटरी पर 10 साल/2 लाख किमी की स्टैंडर्ड वारंटी दी जा रही है। इसके साथ ही, विनफास्ट जुलाई 2028 तक अपने VGreens चार्जर्स पर फ्री चार्जिंग भी दे रहा है। इसके अलावा, 3 साल तक फ्री मेंटेनेंस और पैनोरैमिक सनरूफ के लिए फ्री कर्टन भी शामिल है। वहीं VF 6 पर 7 साल/2 लाख किमी की वारंटी मिलती है, जबकि इसकी बैटरी पर VF 7 की तरह ही 10 साल/2 लाख किमी की वारंटी दी जा रही है।