Vida का नया बजट इलेक्ट्रिक स्कूटर जल्द होगा लॉन्च, कंपनी करेगी बड़ा निवेश

हीरो मोटोकॉर्प अगस्त 2026 के आसपास भारत में 1 लाख रुपये से कम कीमत वाला Vida स्कूटर लॉन्च करने की योजना बना रही है

हीरो मोटोकॉर्प अगस्त 2026 तक भारत में 1 लाख रुपये से कम कीमत वाला नया Vida इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। यह नया इलेक्ट्रिक स्कूटर 3.8 kWh बैटरी पैक के साथ आएगा और खासतौर पर उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है, जो अब तक ज्यादा कीमत की वजह से पेट्रोल स्कूटर्स को प्राथमिकता देते थे।

हीरो को उम्मीद है कि इसी सेगमेंट से इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की मांग तेजी से बढ़ेगी। इस लॉन्च के साथ कंपनी बड़े निवेश की भी तैयारी कर रही है। हीरो मोटोकॉर्प ने FY27 के लिए 1,500 करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश की घोषणा की है। यह पैसा EV प्रोडक्शन बढ़ाने, नए प्रोडक्ट्स, ICE स्कूटर्स, ब्रांड बिल्डिंग, कनेक्टेड टेक्नोलॉजी और फ्लेक्स-फ्यूल जैसे नए पावरट्रेन विकल्पों पर खर्च किया जाएगा।

इसके अलावा कंपनी दक्षिण भारत में दूसरा PATH सेंटर भी बनाएगी, जिसके लिए 700 करोड़ रुपये का अलग निवेश तय किया गया है। यह सेंटर आफ्टरमार्केट और एक्सेसरीज़ बिज़नेस को मजबूत करेगा। इसके अलावा, कंपनी की मासिक EV उत्पादन क्षमता 15,000 यूनिट्स से बढ़कर 25,000 यूनिट्स हो चुकी है और आने वाले कुछ हफ्तों में इसमें 50 प्रतिशत तक की और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

Hero Vida VX21

आंध्र प्रदेश के श्री सिटी प्लांट में FY27 तक 2.8 लाख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यहाँ 1.48 लाख यूनिट्स का उत्पादन हुआ था। वहीं, Vida की सालाना उत्पादन क्षमता को बढ़ाकर 6.6 लाख यूनिट्स तक ले जाने की तैयारी है, जिससे यह भारत के सबसे बड़े EV टू-व्हीलर मैन्युफैक्चरिंग बेस में से एक बन सकता है।

FY2026 में Vida की शानदार बिक्री यह दिखाती है कि Hero इस सेगमेंट पर इतना जोर क्यों दे रही है। इस दौरान Vida की करीब 1.44 लाख यूनिट्स रजिस्टर हुईं, जिससे इसकी बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 10.3 प्रतिशत हो गई। वहीं, अप्रैल 2026 में Vida की बिक्री सालाना आधार पर 129 प्रतिशत बढ़ी, जो उस महीने टॉप 5 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर ब्रांड्स में सबसे तेज ग्रोथ रही।

Hero Vida VXZ (2)

किफायती इलेक्ट्रिक स्कूटर के अलावा हीरो मोटोकॉर्प 2027 तक दो नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों को भी लॉन्च करेगी। इनमें ऑफ-रोड इस्तेमाल के लिए तैयार की गई Hero Lynx और Hero Ubex शामिल हैं। वहीं पेट्रोल (ICE) सेगमेंट में भी हीरो  अपनी तैयारी मजबूत कर रही है। हीरो Destini स्कूटर की उत्पादन क्षमता 50 प्रतिशत बढ़ा दी गई है, जबकि Hero Xoom की क्षमता दोगुनी की जा रही है।