भारत में अपडेटेड Punch EV 20 फरवरी को होगी लॉन्च, मिलेंगे नए फीचर्स

New Tata Punch Spied 2026 EV
Pic Source: Aman Kaushik

टाटा Punch EV फेसलिफ्ट को एक्सटीरियर और इंटीरियर में अपडेट के साथ नए फीचर्स फीचर्स भी मिल सकते हैं

टाटा मोटर्स 20 फरवरी 2026 को भारतीय बाजार में अपडेटेड Punch EV को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। यह इलेक्ट्रिक एसयूवी हाल ही में लॉन्च हुई ICE Punch फेसलिफ्ट के अनुरूप डिजाइन और फीचर अपडेट्स के साथ आएगी। पंच इलेक्ट्रिक पिछले कुछ वर्षों से बाजार में मौजूद है और इसकी मजबूत लोकप्रियता को देखते हुए कंपनी इसका अपडेट ला रही है।

इस अपडेट के बाद टाटा Punch EV को तेजी से बढ़ रहे कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में और ज्यादा मजबूत और मुकाबले के लायक बनाया जाएगा। 2026 टाटा पंच EV फेसलिफ्ट में फ्रंट और रियर बंपर का नया डिजाइन, साथ ही अपडेटेड लाइटिंग एलिमेंट्स मिलने की उम्मीद है। ICE Punch की तरह इसमें कनेक्टेड LED टेललैंप सेटअप देखने को मिल सकता है, हालांकि EV वर्जन के लिए कुछ खास बदलाव भी किए जा सकते हैं।

पंच EV के खास फीचर्स जैसे फ्रंट में लगा चार्जिंग पोर्ट, कनेक्टेड LED DRLs और एयरो-स्टाइल अलॉय व्हील्स पहले जैसे ही रहेंगे। वहीं, इसकी ग्रिल को नया और अपडेटेड डिजाइन मिल सकता है। टेस्टिंग प्रोटोटाइप को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि टाटा मोटर्स Punch EV में पहली बार ADAS (Advanced Driver Assistance System) पेश कर सकती है।

Tata Punch Facelift (6)
Tata Punch ICE

अगर ऐसा होता है, तो यह Punch EV को भारत की चुनिंदा कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUVs में शामिल कर देगा, जिनमें एडवांस सेफ्टी टेक्नोलॉजी मिलती है। केबिन के अंदर डैशबोर्ड और सेंटर कंसोल में हल्के बदलाव किए जा सकते हैं। टाटा मोटर्स Nexon EV जैसा बड़ा 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम देने पर भी विचार कर सकती है।

साथ ही इसमें 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, एम्बिएंट लाइटिंग, 360-डिग्री कैमरा, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी को जारी रखा जा सकता है। फिलहाल पंच EV में 25 kWh बैटरी (लगभग 265 किमी रेंज) और 35 kWh बैटरी (लगभग 365 किमी रेंज) मिलती है। फेसलिफ्ट मॉडल में थोड़ी बड़ी बैटरी और बेहतर रेंज दी जा सकती है, जिससे यह कॉम्पैक्ट EV सेगमेंट में और मजबूत बन सके।

tata punch ev-12
Current punch ev

नई टाटा पंच EV फेसलिफ्ट की कीमत मौजूदा मॉडल से थोड़ी अधिक हो सकती है। वर्तमान में इसकी कीमत 10 लाख रुपये से 14.40 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है। वेरिएंट-वाइज फीचर्स और फाइनल कीमतों का खुलासा लॉन्च के समय किया जाएगा।