
2025 bajaj Platina 110 लॉन्च से पहले ही कॉस्मेटिक और मैकेनिकल अपडेट के साथ डीलरशिप पर पहुंच गई है
बजाज ऑटो ने इस साल की शुरुआत में भारतीय बाजार से प्लेटिना 110 एबीएस मॉडल को चरणबद्ध तरीके से बंद कर दिया था। कंपनी ने CT125X और पल्सर F250 नाम की दो और मोटरसाइकिलों को बंद कर दिया था। हालांकि, प्लेटिना 110 का नॉन-ABS वैरिएंट अभी भी बिक्री पर था और अब ऐसा प्रतीत होता है कि पुणे स्थित टू-व्हीलर ब्रांड ने चुपचाप इस मॉडल को अपडेट कर दिया है।
2025 बजाज प्लेटिना 110 आधिकारिक लॉन्च से पहले ही शोरूम में आ गई है और तस्वीरों को देखकर यह स्पष्ट है कि बजाज ने इसमें कई अपडेट किए हैं। 2025 प्लेटिना 110 में ब्लैक और ग्रीन के रूप में एक नया डुअल-टोन कलर थीम दिया गया है। एलॉय व्हील्स में ग्रीन कलर देखा जा सकता है, जबकि इसका इस्तेमाल ग्राफिक्स, हाइलाइट्स और अन्य चीज़ों में भी किया गया है।
कम्यूटर मोटरसाइकिल का आउटगोइंग मॉडल तीन रंगो में आता था, जिनमें एबोनी ब्लैक ब्लू, एबोनी ब्लैक रेड और कॉकटेल वाइन रेड शामिल था। नए रंगो के अलावा, बजाज ने 2025 प्लेटिना 110 को हेडलैंप के पास क्रोम फिनिश दी है जो बाइक के पिछले संस्करण में गायब था। इसके अलावा ब्रांड ने स्मार्टफोन चार्ज करने के लिए USB चार्जिंग पोर्ट भी पेश किया है। हालाँकि पुराने मॉडल पर मौजूद पारदर्शी नकल गार्ड को नई मोटरसाइकिल से हटा दिया गया है।
भारत में OBD-2B उत्सर्जन मानदंड लागू होने के बाद से, 2025 प्लेटिना 110 में सबसे बड़ा बदलाव इंजन के मामले में हुआ है। इलेक्ट्रॉनिक कार्बोरेटर की जगह अब फ्यूल इंजेक्टर का इस्तेमाल किया गया है। यह बताने की ज़रूरत नहीं है कि फ्यूल इंजेक्टर के जुड़ने से मोटरसाइकिल की ओवरऑल परफॉरमेंस और माइलेज पर असर पड़ेगा।
इलेक्ट्रॉनिक कार्बोरेटर वाला पुराना मॉडल 8.5 बीएचपी की अधिकतम पावर और 9.8 एनएम का पीक टॉर्क उत्पन करता था। इंजन को 4-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। बाइक में कोई अन्य मैकेनिकल अपडेट नहीं है। 2025 बजाज प्लेटिना 110 में पिछले मॉडल से कुछ एलिमेंट बरकरार रखे गए हैं, जिनमें सीट कवर, हैलोजन हेडलाइट्स, एलईडी डीआरएल और एनालॉग इंस्ट्रूमेंट कंसोल शामिल है।

एंट्री-लेवल कम्यूटर सेगमेंट में हीरो मोटोकॉर्प का दबदबा रहा है, जो 100cc सेगमेंट में स्प्लेंडर+ और 125cc सेगमेंट में सुपर स्प्लेंडर बेचती है। हालाँकि, हीरो की 110cc सेगमेंट में मौजूदगी नहीं है और यहीं पर बजाज प्लेटिना 110 की भूमिका आती है, क्योंकि भारतीय बाजार में इसका कोई सीधा मुकाबला नहीं है।