भारत में निसान मैग्नाइट (Nissan Magnite), रेनो ट्राइबर (Renault Triber) के 1.0-लीटर 3-सिलेंडर इंजन (72 पीएस/ 96 एनएम) से संचालित हो सकता है और कंपनी समान पावरट्रेन पर एक टर्बोचार्ज्ड एडिशन भी पेश कर सकती है
निसान (Nissan) भारत में एक नई सब कॉम्पैक्ट एसयूवी को लॉन्च करने के लिए तैयार है, जिसे भारत में निसान मैग्नाइट (Nissan Magnite) के नाम से जाना जाएगा। यह कंपनी का भारत में लॉन्च होने जा रहे सबसे महत्वपूर्ण प्रोडक्ट में से भी एक है और इससे कंपनी को काफी उम्मीदें हैं।
हाल ही में निसान ने इस कार से पर्दा हटाया है और यह संभवतः अगले साल की शुरूआत में लॉन्च की जाएगी, जबकि हाल ही में इसका एक प्रोटोटाइप सामने आया है, जिसमें इस कार के फ्रंट फेसिया को देखा गया है। इस तस्वीर से कार के बड़े हेक्सागोनल फ्रंट ग्रिल का पता चला है, जो डैटसन (Datsun) कारों की याद दिलाता है।
यह कार विशेष रूप से हाल ही में लॉन्च की गई बीएस6 अनुरूप रेडीगो फेसलिफ्ट (Datsun rediGO) की झलक देता है। फ्रंट में कार में शॉर्प हेडलैम्प्स के साथ-साथ एल-आकार का क्रोम बम्पर इन्सर्ट भी इस एंट्री-लेवल हैचबैक की तरह दिखता है। इसके अलावा निसान ने मैग्नाइट के फ्रंट को अट्रैक्टिव बनाने के लिए एक फॉक्स स्किड प्लेट भी जोड़ा है।

बताया जा रहा है इंटीरियर में यह कार अपने सिबलिंग किक्स से कई डिजाइन एलिमेंट शेयर कर सकती है और कार का टॉप वेरिएंट ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो के साथ एक बड़े टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, ऑटोमेटिक क्लाइमेंट कंट्रोल, क्रूज़ कंट्रोल, 360-डिग्री कैमरा और इलेक्ट्रिक सनरूफ जैसी सुविधाओं से लैस होगा।
मैग्नाइट को CMF-A + प्लेटफॉर्म पर डेवलप किया जा रहा है और 1.0-लीटर वाला तीन-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो कि 72 PS की पावर और 96 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करेगा। यह इंजन रेनो ट्राइबर (Renault Triber) में भी ड्यूटी पर है। कार के साथ इसी इंजन का टर्बोचार्ज्ड एडिशन भी पेश करने की उम्मीद है, जो 100 पीएस की मैक्सिमम पावर जेनरेट कर सकता है।

भारत में निसान मैग्नाइट (Nissan Magnite) का मुकाबला मारुति सुजुकी विटारा ब्रेज़ा (Maruti Suzuki Vitara Brezza), टाटा नेक्सन (Tata Nexon), हुंडई वेन्यू (Hyundai Venue), फोर्ड इकोस्पोर्ट (Ford EcoSport) और महिंद्रा एक्सयूवी 300 (Mahindra XUV300) जैसी एसयूवी से होगा और इसकी कीमत 5.25 लाख (एक्स-शोरूम) के आस पास हो सकती है।