मारुति अगले साल नई जनरेशन स्विफ्ट और डिजायर को नए 1.2 लीटर स्ट्रांग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन के साथ लॉन्च करेगी, जो 35-40 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देने में सक्षम होगा
भारत की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी भारतीय बाजार के लिए अपनी उत्पाद रणनीति को लेकर इस वक्त काफी आक्रामक है। कंपनी ने कुछ महीने पहले ही ग्रैंड विटारा हाइब्रिड और फ्रांक्स को लॉन्च किया है और अब इसके बाद वह अगले 1 साल में देश में 3 और हाइब्रिड वाहन पेश करने की योजना बना रही है। इसके अलावा कंपनी की योजना में एक नई ई-एसयूवी के साथ इलेक्ट्रिक सेगमेंट में भी प्रवेश करने की योजना है।
1. मारुति इनविक्टो एमपीवी
मारुति सुजुकी 5 जुलाई को भारतीय बाजार में अपने सबसे महंगे मॉडल इनविक्टो प्रीमियम एमपीवी को लॉन्च करेगी और इसकी बुकिंग कल से शुरू हो चुकी हैं। यह नई एमपीवी मौजूदा टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस पर आधारित होगी। इस नई एमपीवी का डिजाइन ग्रैंड विटारा से प्रेरित होगा, जिसमें फ्रंट फेशिया और अपडेटेड टेल-लाइट्स आदि होंगे। नए इंटीरियर कलर स्कीम को छोड़कर केबिन में कोई बदलाव नहीं होगा।

यह नई मारूति एमपीवी ADAS तकनीक के साथ पेश की जाने वाली पहली मारुति सुजुकी कार होगी और इसे ब्रांड के NEXA प्रीमियम डीलरशिप के माध्यम से बेचा जाएगा। मारुति केवल पेट्रोल-हाइब्रिड पावरट्रेन के लिए बुकिंग स्वीकार कर रही है, जिसका मतलब है कि एमपीवी को 172 एचपी की पावर विकसित करने वाला 2.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन विकल्प नहीं मिलेगा।
2. नई जेनरेशन मारूति स्विफ्ट और डिजायर
मारूति सुजुकी अपनी लोकप्रिय कार स्विफ्ट और डिजायर के नए जेनरेशन पर भी कार्य कर रही है, जिसे अगले साल की शुरुआत में लॉन्च किया जाएगा। नए मॉडल ब्रांड के HEARTECT प्लेटफॉर्म पर आधारित होंगे, जिस पर बलेनो और फ्रोंक्स क्रॉसओवर भी आधारित हैं। नए मॉडल में कई डिज़ाइन परिवर्तन और ज्यादा सुविधाओं के साथ बेहतर गुणवत्ता वाला इंटीरियर होगा।
दोनों कारों को कथित तौर पर स्ट्रांग हाइब्रिड तकनीक के साथ एक नए 1.2 लीटर, पेट्रोल इंजन द्वारा संचालित किया जाना है। मारूति सुजुकी अपने रणनीतिक साझेदार टोयोटा से हाइब्रिड तकनीक ले सकता है और दोनों कारों में 35 किमी प्रति लीटर से भी ज्यादा का माइलेज मिलने की संभावना है।
3. मारुति सुजुकी ईवीएक्स

मारुति सुजुकी आखिरकार 2024 के अंत में ईवीएक्स इलेक्ट्रिक एसयूवी कॉन्सेप्ट के उत्पादन वर्जन को पेश करके इलेक्ट्रिक वाहन सेगमेंट में प्रवेश करेगी। कंपनी ने ऑटो एक्सपो 2023 में ईवीएक्स कॉन्सेप्ट का प्रदर्शन किया था। नया मॉडल महिंद्रा एक्सयूवी400 और एमजी एस्टर से मुकाबला करेगा। इसमें में 60kWh की क्षमता वाली बैटरी पैक मिलने की संभावना है। नई ईवीएक्स इलेक्ट्रिक एसयूवी को बॉर्न-ईवी प्लेटफॉर्म पर डिजाइन और विकसित किया जाएगा, जिसमें 550 किमी की रेंज होगी।