भारत में 7-सीटर एसयूवी सेगमेंट में निकट भविष्य में कई नए मॉडलों को ल़ॉन्च किया जाएगा और यहाँ उन एसयूवी के बारे में जानकारी दी गई है
भारत में 7-सीटर एसयूवी और एमपीवी कारों की माँग व लोकप्रियता से इंकार नहीं किया जा सकता है और यही वजह है कि भविष्य भी इनसे गुलजार होगा। इसलिए निकट भविष्य में कई नए मॉडलों को देश में लॉन्च किया जाएगा। ये वाहन खरीददारों के विभिन्न सेगमेंट और कीमत ब्रैकेट को ध्यान में रखते हुए पेश किए जाएंगे और फीचर्स के साथ भरे होंगे। यहाँ उन 7-सीटर कारों के बारे में जानकारी दी जा रही है, जिन्हें निकट भविष्य में भारत में लॉन्च किया जाएगा।
1. नई जेनरेशन टोयोटा फॉर्च्यूनर
खबरों की माने तो टोयोटा अपनी लोकप्रिय फुलसाइज एसयूवी फॉर्च्यूनर के नए जेनरेशन पर कार्य कर रही है और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विकास के अधीन है। इस नई कार को ज्यादा एडवांस इक्वीपमेंट और टेक्नोलॉजी प्राप्त होगी, साथ ही एक्सटीरियर व इंटीरियर में भी बड़े पैमाने पर बदलाव किया जाएगा। यह एसयूवी एक अपडेटेड लैडर फ्रेम चेसिस पर आधारित होगी और इसे पावर देने के लिए एक स्ट्रांग हाइब्रिड इंजन भी मिल सकता है।

2. निसान एक्स-ट्रेल
निसान ने हाल ही में भारत में नई-जेनरेशन एक्स-ट्रेल, ज्यूक और कश्काई का अनावरण किया है। हाल ही में एक्स-ट्रेल को भारत की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बेची जा रही नई एक्स-ट्रेल कई संशोधनों के साथ आती है और इसे हाइब्रिड तकनीक सहित विभिन्न पावरट्रेन विकल्पों और कई वेरिएंट में पेश किया जाता है।
3. मारुति सुजुकी विटारा एक्सएल
अटकलों की मानें तो हाल ही में लॉन्च हुई ग्रैंड विटारा का 7-सीटर वर्जन भी पाइफलाइन में है और इसे अगले साल के अंत में या 2024 की शुरुआत में पेश किया जा सकता है। इसमें मौजूदा 5-सीटर ग्रैंड विटारा के साथ कई समानताएं होंगी। यह कार ग्लोबल सी प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और टोयोटा से लिए गए 1.5-लीटर स्ट्रांग हाइब्रिड इंजन द्वारा संचालित होगी।

4. सिट्रोएन 7-सीटर C3 एसयूवी
सिट्रोएन इंडिया ने कुछ महीने पहले C3 कॉम्पैक्ट हैचबैक के लॉन्च के साथ अपने घरेलू पोर्टफोलियो का विस्तार किया है। इसके अलावा हाल ही में इसके 5-सीटर मिडसाइज़ एसयूवी और सी3 के 7-सीटर वर्जन को भी टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। यह मॉड्यूलर सीएमपी आर्किटेक्चर पर आधारित होगी और इसे भारत में अगले साल की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है।
5. एमजी हेक्टर प्लस फेसलिफ्ट
भारत में 2022 हेक्टर के टीजर को पहले ही कई बार जारी किया जा चुका है और इसमें नए डिज़ाइन वाले फ्रंट ग्रिल सहित कुछ छोटे एक्सटीरियर बदलाव होंगे। एसयूवी के इंटीरियर में सेगमेंट में सबसे बड़ा 14-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम होगा जिसमें ज्यादा एडवांस आई-स्मार्ट कनेक्टिव फीचर्स और अन्य नई तकनीकें होंगी। इसी तरह का अपडेट तीन-पंक्ति वाली हेक्टर प्लस को भी मिल सकता है।

6. टाटा सफारी फेसलिफ्ट
माना जा रहा है कि टाटा मोटर्स अपनी सफारी के भी फेसलिफ्ट वर्जन पर कार्य कर रही है, जिसे अगले साल कई बदलावों के साथ पेश किया जाएगा। 2023 टाटा सफारी को एक नया अपडेट फ्रंट फेसिया मिलेगा, जबकि इंटीरियर में आराम, फीचर्स, सेफ्टी और सहायता से संबंधित कई नए इक्वीपमेंट मिलेंगे।
7. टोयोटा 7-सीटर एसयूवी
टोयोटा और सुजुकी के बीच साझेदारी के तहत पिछले तीन सालों में कई नए मॉ़डलों को पेश किया गया है, जिसे घरेलू बाजार के साथ-साथ वैश्विक बाजारों में भी बेचा जाता है। माना जा रहा है कि कंपनी हाल ही में लॉन्च हुई टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर के 7-सीटर सीटर वर्जन को पेश कर सकती है और मारूति सुजुकी भी इसका अनुसरण ग्रैंड विटारा के साथ कर सकती है। दोनों कारों में काफी समानताएं होंगी।