
Ultraviolette X-47 क्रॉसओवर दुनिया की पहली मोटरसाइकिल है जिसमें रडार तकनीक स्टैंडर्ड रूप से दी गई है
अल्ट्रावायलेट ने आज भारतीय बाजार में अपनी इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल X47 क्रॉसओवर को 2.74 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर लॉन्च किया है। शुरुआती ग्राहकों के लिए कंपनी ने खास ऑफर दिया है और पहली 1,000 बुकिंग पर कीमत सिर्फ 2.49 लाख रुपये होगी। बुकिंग आज शाम 4 बजे से शुरू हो गई है और डिलीवरी अक्टूबर 2025 से शुरू होगी।
कंपनी 8 लाख किलोमीटर तक का वारंटी पैकेज भी दे रहा है। यह कंपनी की तीसरी प्रोडक्शन मोटरसाइकिल है। बाकी मॉडलों से अलग, X47 को रोज़मर्रा की ज़रूरतों और आधुनिक तकनीक को ध्यान में रखकर एक क्रॉसओवर बाइक के रूप में बनाया गया है। इसे आज़माए हुए F77 प्लेटफ़ॉर्म पर तैयार किया गया है और इसमें पहली बार 1.6 kW का ऑनबोर्ड चार्जर दिया गया है, जो अल्ट्रावायलेट के लिए एक नया कदम है।
अल्ट्रावायलेट X47 इलेक्ट्रिक बाइक 0 से 60 किमी/घंटा की रफ़्तार 2.7 सेकंड में पकड़ लेती है और 0 से 100 किमी/घंटा की रफ़्तार पकड़ने में सिर्फ़ 8.1 सेकंड का समय लगता है। इसकी अधिकतम स्पीड 145 किमी/घंटा है और यह मोटरसाइकिल 40 PS की पावर और 610 एनएम का टॉर्क उत्पन करती है।

साथ ही अल्ट्रावायलेट ने लागत बचत को समझाने के लिए एक उदाहरण दिया है। अगर आप एक सामान्य पेट्रोल बाइक में 100 रुपये का पेट्रोल डालते हैं, तो उससे सिर्फ़ बेंगलुरु एयरपोर्ट से शहर तक का सफ़र ही कर पाएँगे। लेकिन X47 इलेक्ट्रिक बाइक में उतनी ही रकम की बिजली खर्च करके आप सीधे चेन्नई एयरपोर्ट तक पहुँच सकते हैं। यह अपनी तरह की पहली इलेक्ट्रिक बाइक है जिसमें रडार-आधारित सुरक्षा तकनीक दी गई है। इसमें ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन, लेन बदलने पर चेतावनी, पीछे से टक्कर की चेतावनी और ओवरटेक अलर्ट जैसे फीचर मिलते हैं।
X47 का परफॉर्मेंस पैक राइडिंग को और बेहतर बनाने के लिए बनाया गया है। इसमें डायनेमिक रीजन के साथ 9-लेवल रीजनरेटिव ब्रेकिंग मिलती है, जो ब्रेक लगाने पर बैटरी को चार्ज करने में मदद करती है। साथ ही इसमें एडवांस्ड 3-लेवल ट्रैक्शन कंट्रोल दिया गया है, जिससे अलग-अलग सड़कों और मौसम की परिस्थितियों में बाइक पर पकड़ और सुरक्षा और मजबूत हो जाती है।

X47 में लेटेस्ट 10वीं जनरेशन का बॉश डुअल-चैनल ABS दिया गया है, जिसमें अलग-अलग मोड्स को बदलने का ऑप्शन है। इसके साथ 3-लेवल ट्रैक्शन कंट्रोल भी है, जो अलग-अलग रोड कंडीशंस में राइडर का कॉन्फिडेंस बढ़ाता है। ब्रेकिंग के लिए इसमें ब्रेम्बो का सेटअप है, जिसमें फ्रंट में 320 मिमी डिस्क दी गई है, जिसमें फिक्स्ड फोर पिस्टन कैलिपर और सिंटर्ड पैड्स हैं। पीछे 230 मिमी डिस्क है, जिसमें फ्लोटिंग पिस्टन कैलिपर लगा है। ये सेटअप हर हालात में दमदार ब्रेकिंग देता है।
अल्ट्रावायलेट X-47 में 41 मिमी इनवर्टेड कार्ट्रिज-टाइप फ्रंट फोर्क्स और रियर मोनो-शॉक दिए गए हैं, जिनमें प्रीलोड एडजस्ट करने की सुविधा है। यह सस्पेंशन सेटअप बाइक को ज़्यादा संतुलित, रिस्पॉन्सिव और कस्टमाइज़ेबल राइडिंग अनुभव देता है, जिससे राइडर अपनी पसंद और सड़क की स्थिति के अनुसार इसे एडजस्ट कर सकता है।

इसमें आगे और पीछे डुअल कैमरा सिस्टम भी दिया गया है, जिसमें IMX307 HDR यूनिट्स लगे होंगे। ये कैमरे 120-डिग्री वाइड-एंगल व्यू और कॉन्टिन्युअस लूप रिकॉर्डिंग देते हैं। पार्क असिस्ट, ऑटोमैटिक वीडियो लॉक के साथ आपातकालीन क्रैश डिटेक्शन और रियल-टाइम रियर कैमरा डिस्प्ले जैसे फ़ीचर इस सिस्टम का हिस्सा हैं। डिजिटल कंसोल में एंटी-थेफ्ट माउंटिंग है और वीडियो स्टोरेज को 256 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है।




