EICMA 2025 में Ultraviolette ने क्रॉसफेड स्मार्ट हेलमेट के साथ अपनी लाइनअप पेश की

Ultraviolette Crossfade helmet

Ultraviolette क्रॉसफेड स्मार्ट हेलमेट में बाहर की तरफ कार्बन-फाइबर और अंदर फाइबरग्लास की परतें दी गई हैं, जिससे इसका वजन सिर्फ 1380 ग्राम है

बेंगलुरु स्थित इलेक्ट्रिक मोबिलिटी कंपनी अल्ट्रावायलेट ने मिलान में चल रहे EICMA 2025 में जबरदस्त प्रदर्शन किया है।कंपनी ने यहाँ अपना पूरा ग्लोबल प्रोडक्ट लाइनअप पेश किया, साथ ही एक बेहद खास इनोवेशन यूवी क्रॉसफेड (UV Crossfade) को भी लॉन्च किया है। यह भारत का पहला कार्बन-फाइबर स्मार्ट हेलमेट है, जिसमें रियल-टाइम रडार कम्युनिकेशन जैसी हाई-टेक सुविधा दी गई है। यह लॉन्च अल्ट्रावायलेट की “कनेक्टेड राइडिंग टेक्नोलॉजी” की दुनिया में आधिकारिक एंट्री को दर्शाता है, जिसमें सुरक्षा, परफॉर्मेंस और कनेक्टिविटी का बेहतरीन मेल है।

यूवी क्रॉसफेड अल्ट्रावायलेट का पहला हेलमेट है जो उसके “Connected Rider Ecosystem” के तहत बनाया गया है। इसे कार्डो सिस्टम्स (Cardo Systems) के साथ मिलकर तैयार किया गया है, जो मोटरसाइकिल कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी में एक ग्लोबल लीडर है। यह हेलमेट रियल-टाइम व्हीकल और रडार इंटीग्रेशन की सुविधा देता है, जिससे राइडर अपने ग्रुप या अल्ट्रावायलेट की आने वाली बाइक्स से सीधे कनेक्ट रह सकता है।

यूवी क्रॉसफेड में बाहर की तरफ कार्बन-फाइबर और अंदर फाइबरग्लास की परतें दी गई हैं, जिससे इसका वजन सिर्फ 1380 ग्राम है। यह हेलमेट DoT, ISI और ECE 22.06 जैसे सुरक्षा मानकों पर खरा उतरता है, यानी सुरक्षा के मामले में यह नया बेंचमार्क तय करता है। इसकी कीमत 19,900 रुपये रखी गई है और इसे अल्ट्रावायलेट की वेबसाइट पर खरीदा जा सकता है।

Ultraviolette Crossfade helmet (1)

यूवी क्रॉसफेड को अल्ट्रावायलेट की F77 MACH 2, F77 SuperStreet, और X-47 Crossover से जोड़ा जा सकता है। यह हेलमेट कंपनी की Hypersense सिस्टम के जरिए रियल-टाइम रडार अलर्ट देता है, जिससे राइडर को ट्रैफिक या ब्लाइंड स्पॉट जैसी चेतावनियाँ तुरंत मिलती हैं। साथ ही इसमें Dynamic Alert Sequencing (D.A.S) नाम का फीचर है, जो अलर्ट को प्राथमिकता के हिसाब से दिखाता है ताकि राइडर को सिर्फ ज़रूरी जानकारी ही मिले।

Cardo के Mesh Network और Ultraviolette की स्मार्ट टेक्नोलॉजी का मेल राइडर-टू-राइडर और राइडर-टू-व्हीकल कम्युनिकेशन को और आसान बनाता है। EICMA में अल्ट्रावायलेट ने अपने कई मॉडल भी पेश किए, जिनमें F77 MACH 2, F77 SuperStreet, F99, Tesseract, Shockwave और X-47 Crossover शामिल हैं। इनमें से X-47 दुनिया की पहली प्रोडक्शन मोटरसाइकिल है जिसमें रडार सिस्टम स्टैंडर्ड के तौर पर दिया गया है।

Ultraviolette X47 Crossover

अल्ट्रावायलेट के CEO नारायण सुब्रमण्यम ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि टेक्नोलॉजी और डिज़ाइन के मेल से मोबिलिटी को और स्मार्ट बनाया जाए। हम सिर्फ वाहन नहीं बनाते, बल्कि ऐसे अनुभव तैयार करते हैं जो भविष्य की मोबिलिटी को परिभाषित करते हैं। यूवी क्रॉसफेड हेलमेट इस दिशा में पहला कदम है और यह न सिर्फ सुरक्षा बढ़ाता है बल्कि हमारी बाइक्स से रियल-टाइम रडार अलर्ट भी साझा करता है। कार्डो सिस्टम्स के साथ साझेदारी ने हमारी ‘कनेक्टेड राइडर’ यात्रा को नई दिशा दी है।”