
नया 100V आर्किटेक्चर मोटर कंट्रोलर, चार्जर और इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को ज्यादा हल्का और कॉम्पैक्ट बनाता है
Ultraviolette Automotive ने पुष्टि की है कि Tesseract इलेक्ट्रिक स्कूटर की लॉन्चिंग अब भारत में जनवरी 2027 में होगी। पहले इसे जून में लॉन्च किए जाने की उम्मीद थी, लेकिन अब कंपनी ने इसकी लॉन्च टाइमलाइन आगे बढ़ा दी है। कंपनी के अनुसार, इस देरी की वजह Tesseract इलेक्ट्रिक स्कूटर का नया 100V आर्किटेक्चर है। बेंगलुरु स्थित EV कंपनी का दावा है कि भारत का पहला 100V स्कूटर प्लेटफॉर्म बेहतर परफॉर्मेंस और तेज चार्जिंग क्षमता देगा।
Ultraviolette Tesseract को पहली बार मार्च 2025 में भारत में पेश किया गया था। Ultraviolette का कहना है कि Tesseract प्लेटफॉर्म फिलहाल अलग-अलग रास्तों, मौसम और राइडिंग कंडीशन्स में व्यापक टेस्टिंग और वैलिडेशन से गुजर रहा है। नया 100V आर्किटेक्चर मौजूदा इंडस्ट्री एवरेज 15 kW के मुकाबले 3 गुना ज्यादा पावर डिलीवरी देगा। इसके अलावा चार्जिंग स्पीड भी लगभग 2 गुना तेज होगी।
इस घोषणा पर कंपनी के CEO और Co-founder Narayan Subramaniam ने कहा कि Tesseract को तैयार करना कंपनी के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट रहा है। डेवलपमेंट और टेस्टिंग के दौरान यह महसूस हुआ कि कंपनी जिन हाई स्टैंडर्ड्स को हासिल करना चाहती है, उसके लिए अतिरिक्त इंजीनियरिंग और सुधार की जरूरत है। खासकर राइडिंग एर्गोनॉमिक्स और बैटरी आर्किटेक्चर को पूरी तरह नए तरीके से डिजाइन किया गया है।

उन्होंने कहा कि लॉन्च में देरी जरूर हुई है, लेकिन इससे ग्राहकों को एक ऐसा स्कूटर मिलेगा जो भविष्य के लिए तैयार होगा और Ultraviolette की परफॉर्मेंस, टेक्नोलॉजी और रिलायबिलिटी वाली पहचान को बनाए रखेगा। नया 100V आर्किटेक्चर मोटर कंट्रोलर, चार्जर और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स को ज्यादा हल्का और कॉम्पैक्ट बनाएगा। इसके साथ ही स्कूटर में ज्यादा लोड कैरी करने की क्षमता, बड़ी सीट और ज्यादा फ्लोरबोर्ड स्पेस मिलेगा।
कंपनी ने यह भी कहा कि इससे सिस्टम की विश्वसनीयता और एनर्जी एफिशिएंसी में भी सुधार होगा। Ultraviolette के मुताबिक, देशभर में हुए रोडशो और शोकेस के दौरान ग्राहकों से मिले फीडबैक के बाद कंपनी ने 100V आर्किटेक्चर अपनाने का फैसला लिया। हजारों संभावित ग्राहकों ने Tesseract और कंपनी की डिजाइन व इंजीनियरिंग टीम के साथ सीधे बातचीत की थी।

कंपनी के CTO और Co-founder Niraj Rajmohan ने कहा कि “शुरुआत से ही Tesseract को ऐसा स्कूटर बनाने का लक्ष्य था जो इंडस्ट्री में नए बेंचमार्क सेट करे। उन्होंने कहा कि परफॉर्मेंस और टेक्नोलॉजी के वादों को पूरा करने के लिए प्लेटफॉर्म को बड़े स्तर पर अपग्रेड करना जरूरी था। उनके अनुसार, 100V आर्किटेक्चर की तरफ बढ़ना उसी दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे ज्यादा पावर, बेहतर लोड कैपेसिटी और ज्यादा एफिशिएंसी हासिल की जा सकेगी।”