
Battery Flex Battery-as-a-Service (BaaS) योजना शुरू होने के कारण X-47 क्रॉसओवर की शुरुआती कीमत में करीब 40 प्रतिशत की कमी हुई है
Ultraviolette X-47 Crossover अब भारतीय बाजार में 1.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध होगी। पहले इसकी कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये थी, लेकिन कंपनी ने Battery Flex नाम की नई Battery-as-a-Service (BaaS) योजना शुरू करके करीब 1 लाख रुपये (लगभग 40%) की कटौती कर दी है। इस बैटरी सब्सक्रिप्शन मॉडल को Ecofy के साथ साझेदारी में शुरू किया गया है, जिसमें ग्राहकों को हर महीने 2,499 रुपये का सब्सक्रिप्शन देना होगा। यह खर्च आमतौर पर पेट्रोल पर होने वाले मासिक खर्च से भी कम बताया जा रहा है।
यह BaaS मॉडल 5 मार्च 2026 से भारत में उपलब्ध होगा। Battery Flex पैकेज के साथ बैटरी पर 5 साल की वारंटी भी मिलेगी। सब्सक्रिप्शन अवधि पूरी होने के बाद बैटरी का स्वामित्व ग्राहक को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के ट्रांसफर कर दिया जाएगा। इस योजना के तहत ग्राहक बाइक के चेसिस की कीमत देते हैं, जबकि बैटरी के लिए अलग से मासिक सब्सक्रिप्शन देना होता है।
कंपनी के CEO और सह-संस्थापक Narayan Subramaniam ने कहा कि “पहले इस बाइक की कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये थी, जो समान क्षमता वाली पेट्रोल बाइकों के बराबर पड़ती थी। लेकिन अब 1.5 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर ग्राहकों को बेहतर तकनीक, ज्यादा फीचर्स और अच्छी परफॉर्मेंस मिलेगी। उनका कहना है कि करीब 2,499 रुपये प्रति माह के कम खर्च के साथ यह बाइक चलाना पेट्रोल बाइकों के मुकाबले ज्यादा किफायती हो सकता है।”

Ultraviolette X-47 Crossover को पहली बार 23 सितंबर 2025 को भारत में पेश किया गया था और इसकी डिलीवरी दीवाली के बाद अक्टूबर 2025 के अंत में बेंगलुरु से शुरू हुई। इसे दुनिया की पहली रडार-इंटीग्रेटेड मोटरसाइकिल बताया जा रहा है, जिसमें 77 GHz लॉन्ग-रेंज रियर रडार मिलता है जो लगभग 200 मीटर तक की दूरी मॉनिटर कर सकता है।
इस इलेक्ट्रिक बाइक में कई ADAS फीचर्स दिए गए हैं, जिनमें ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग, लेन चेंज असिस्ट, ओवरटेक अलर्ट और रियर कोलिजन वार्निंग शामिल हैं। कंपनी का दावा है कि दो-पहिया वाहनों में ADAS तकनीक देने वाली यह पहली कंपनी है। इसमें दुनिया का सबसे ज्यादा पावर-डेंस एयर-कूल्ड ऑन-बोर्ड चार्जर भी दिया गया है, जो 50°C तक के तापमान में भी काम कर सकता है।

यह बाइक 10.3 kWh बैटरी पैक के साथ आती है और एक बार चार्ज करने पर 323 किमी तक की रेंज देने का दावा करती है। इसका इलेक्ट्रिक मोटर 40 bhp की पावर और 100 Nm का टॉर्क पैदा करता है। यह बाइक 0 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 2.7 सेकंड में पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 145 किमी/घंटा है। इसमें Glide, Combat और Ballistic के साथ तीन राइड मोड भी मिलते हैं।