TVS ने जनवरी 2026 में कुल 5,11,766 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है, जो पिछले साल की तुलना में 29 प्रतिशत की सालाना बढ़त है
TVS मोटर कंपनी ने जनवरी 2026 में घरेलू बाजार, अंतरराष्ट्रीय कारोबार और नई मोबिलिटी सेगमेंट्स में मजबूत प्रदर्शन के दम पर कुल बिक्री में शानदार बढ़ोतरी दर्ज की है। कंपनी ने इस महीने 5,11,766 यूनिट्स की कुल बिक्री की, जो पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 29 प्रतिशत अधिक है।
टीवीएस के लिए टू-व्हीलर सेगमेंट इस महीने भी बिक्री का सबसे बड़ा स्रोत रहा। इस कैटेगरी में कुल बिक्री बढ़कर 4,94,195 यूनिट्स हो गई, जो जनवरी 2025 के मुकाबले 28 फीसदी ज्यादा है। इस बढ़ोतरी में भारतीय बाजार की अहम भूमिका रही, जहाँ घरेलू टू-व्हीलर की बिक्री बढ़कर 3,83,262 यूनिट्स पहुंच गई, जो सालाना आधार पर 30 फीसदी की बढ़त है।
टू-व्हीलर सेगमेंट के भीतर स्कूटर कैटेगरी में जबरदस्त वृद्धि हुई है। जनवरी 2026 में स्कूटर की बिक्री बढ़कर 2,22,926 यूनिट्स हो गई, जो पिछले साल की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक है। वहीं, मोटरसाइकिल सेगमेंट ने भी अच्छा प्रदर्शन किया, जहाँ बिक्री बढ़कर 2,19,188 यूनिट्स हो गई, जो 26 प्रतिशत की सालाना वृद्धि है।

होसुर स्थित इस ऑटोमेकर ने हाल ही में अपनी लोकप्रिय Apache सीरीज़ को अपडेट किया है और एनिवर्सरी एडिशन मॉडल्स भी पेश किए हैं। इसके अलावा, नई अपाचे RTX 300 की एंट्री कंपनी के लिए बेहद फायदेमंद साबित हुई है। स्टाइलिश डिज़ाइन, दमदार इंजन, एडवांस फीचर्स और किफायती कीमत के चलते यह बाइक तेजी से ग्राहकों के बीच लोकप्रिय हो रही है। साथ ही, इसकी ऑफ-रोड क्षमता भी इसे खास बनाती है।
इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में भी TVS की पकड़ मजबूत होती जा रही है। कंपनी की इलेक्ट्रिक व्हीकल बिक्री जनवरी 2026 में बढ़कर 37,756 यूनिट्स तक पहुंच गई, जो पिछले साल की तुलना में 50 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी है। TVS iQube के बढ़ते नेटवर्क और हाल ही में लॉन्च हुई Orbiter ने नए ग्राहकों को आकर्षित करने में अहम भूमिका निभाई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी TVS ने मजबूत प्रदर्शन किया है। जनवरी 2026 में कंपनी की एक्सपोर्ट बिक्री 1,22,343 यूनिट्स रही, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 21 प्रतिशत अधिक है। इसमें टू-व्हीलर्स का बड़ा योगदान रहा, जहाँ विदेशों में टू-व्हीलर शिपमेंट बढ़कर 1,10,933 यूनिट्स हो गया। जो सालाना आधार पर 18 प्रतिशत की वृद्धि है। सबसे तेज ग्रोथ थ्री-व्हीलर सेगमेंट में देखने को मिली। इस श्रेणी में जनवरी 2026 के दौरान 17,571 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की गई, जो पिछले साल की तुलना में 77 प्रतिशत की शानदार बढ़त है।