टीवीएस ने वैश्विक स्तर पर कुल 5.46 मिलियन यूनिट की बिक्री दर्ज की, जो 2024 में हासिल की गई 4.52 मिलियन यूनिट की तुलना में 20.7 फीसदी की वृद्धि है
टीवीएस मोटर कंपनी ने 2025 में दुनियाभर में कुल 54.6 लाख (5.46 मिलियन) दोपहिया वाहन बेचे, जो 2024 में बिके 45.2 लाख (4.52 मिलियन) यूनिट्स की तुलना में 20.7 प्रतिशत अधिक है। कंपनी की इस तेज वृद्धि में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, प्रीमियम मोटरसाइकिल और विदेशी बाजारों में विस्तार की बड़ी भूमिका रही है।
भारत के इलेक्ट्रिक दोपहिया सेगमेंट में TVS ने मजबूत पकड़ बना ली है और कंपनी का सालाना उत्पादन करीब 5 लाख यूनिट तक पहुंच रहा है। बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी अपनी उत्पादन क्षमता को बढ़ाने पर भी विचार कर रही है। साथ ही कंपनी अफ्रीका, लैटिन अमेरिका, दक्षिण-पूर्व एशिया, मध्य-पूर्व और यूरोप के कुछ हिस्सों में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है ताकि वैश्विक बाजार में अपनी स्थिति और मजबूत कर सके।
इस प्रदर्शन के दम पर TVS ने यामाहा मोटर कंपनी को पीछे छोड़ दिया है, जिसने 2025 में लगभग 50 लाख यूनिट बेचे, जो पिछले साल के 49.6 लाख यूनिट्स की तुलना में सिर्फ 0.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। इस उपलब्धि के साथ TVS अब वैश्विक दोपहिया बिक्री में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। वहीं होंडा मोटर कंपनी 2025 में 1.64 करोड़ (16.44 मिलियन) यूनिट्स की बिक्री और 6 प्रतिशत सालाना वृद्धि के साथ अभी भी पहले स्थान पर बनी हुई है।

दूसरी ओर हीरो मोटोकॉर्प करीब 62.5 लाख (6.25 मिलियन) यूनिट्स की बिक्री और 5.2 प्रतिशत वृद्धि के साथ दूसरे स्थान पर है। TVS के टॉप-3 में आने से अब दुनिया की सबसे बड़ी दोपहिया कंपनियों में दो भारतीय कंपनियां शामिल हो गई हैं। कंपनी की इस तेजी से बढ़ती बिक्री के पीछे एक बड़ा कारण ग्राहकों की बदलती पसंद भी है। भारत में अब 150cc से ज्यादा क्षमता वाली मोटरसाइकिलों की मांग तेजी से बढ़ रही है और TVS ने इस सेगमेंट में अपने मॉडल बढ़ाकर इस मांग को भुनाया है।
प्रीमियम मोटरसाइकिलों के साथ-साथ कंपनी कम्यूटर मोटरसाइकिल और मोपेड से भी लगातार अच्छी बिक्री हासिल कर रही है। फिलहाल भारत में मार्केट शेयर के लिहाज से TVS तीसरे स्थान पर है और यह देश की कुल दोपहिया बिक्री का लगभग पांचवां हिस्सा रखती है। वहीं यामाहा मोटर कंपनी की रणनीति कुछ अलग रही है। जापानी ब्रांड ने समय के साथ कुछ बड़े वॉल्यूम वाले सेगमेंट से दूरी बनाकर चुनिंदा सेगमेंट पर ध्यान केंद्रित किया है।

इसके अलावा यामाहा की बिक्री का बड़ा हिस्सा विकसित देशों से आता है, जहाँ दोपहिया वाहनों की मांग उतनी तेजी से नहीं बढ़ती जितनी उभरते हुए बाजारों में बढ़ती है। वहीं TVS आने वाले समय में नए बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाने के लिए अपने प्रीमियम ब्रांड नॉर्टन मोटरसाइकिल्स का सहारा लेकर दुनिया भर में अपनी मौजूदगी और मजबूत करना चाहती है।