TVS Orbiter इलेक्ट्रिक स्कूटर 158 किमी की रेंज के साथ हुआ लॉन्च, कीमत 99,900 रुपये

TVS Orbiter इलेक्ट्रिक में 3.1 kWh की बैटरी लगी है, जो IDC टेस्ट के मुताबिक 158 किमी की रेंज देती है

टीवीएस मोटर कंपनी ने आज अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर Orbiter लॉन्च किया है। इस नए इलेक्ट्रिक स्कूटर को रोज़मर्रा के सफर को नया अनुभव देने के लिए डिज़ाइन किया गया है। टीवीएस ऑर्बिटर में 158 किमी की IDC रेंज, क्रूज़ कंट्रोल, 34 लीटर बूट स्पेस, हिल होल्ड असिस्ट और एडवांस कनेक्टेड फीचर्स मिलते हैं। यह इंडस्ट्री का पहला स्कूटर है जिसमें 14 इंच का फ्रंट व्हील दिया गया है। यह बेहतर आराम, सुविधा और प्रदर्शन प्रदान करता है।

भारतीय बाजार में इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की कीमत 99,900 रुपये (एक्स-शोरूम, PM e-Drive स्कीम सहित, बेंगलुरु और नई दिल्ली) रखी गई है। इस स्कूटर में कनेक्टेड मोबाइल ऐप, फ्रंट LED हेडलैंप व वाइज़र, और कलर्ड LCD डिस्प्ले (इनकमिंग कॉल दिखाने की सुविधा के साथ) मिलती है। इसकी 3.1 kWh बैटरी और बेहतर एयरोडायनामिक डिज़ाइन लंबी रेंज और स्थिर परफॉर्मेंस देते हैं।

लॉन्च के दौरान, टीवीएस मोटर कंपनी के प्रेसिडेंट (इंडिया 2W बिजनेस), श्री गौरव गुप्ता ने कहा: “टीवीएस मोटर में, हमारा फोकस हमेशा तकनीक और ग्राहक-केन्द्रित इनोवेशन पर रहा है। अपनी इंजीनियरिंग विशेषज्ञता और उन्नत क्षमताओं का उपयोग करते हुए, हम ऐसे प्रोडक्ट तैयार कर रहे हैं जो गुणवत्ता, प्रदर्शन और सुरक्षा के मामले में वैश्विक मानक तय करें। टीवीएस ऑर्बिटर के साथ, हम EV इकोसिस्टम को और बढ़ा रहे हैं और भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों को तेजी से अपनाने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।”

TVS Orbiter (3)

इसमें लंबी और सपाट सीट दी गई है, जिसकी ऊँचाई 845 मिमी है, जिससे सवार और पीछे बैठने वाले दोनों के लिए पर्याप्त जगह मिलती है। साथ ही 290 मिमी का सीधा फुटबोर्ड आराम और पैर रखने की जगह बढ़ाता है और इसके उपयोग को और बेहतर बनाता है। सीट के नीचे 34 लीटर का बड़ा स्टोरेज स्पेस दिया गया है, जिसमें दो हेलमेट आसानी से रखे जा सकते हैं।

आधुनिक TVS वाहनों की तरह ही, ऑर्बिटर में भी कनेक्टेड फीचर्स दिए गए हैं, जिन्हें TVS की मोबाइल ऐप से जोड़ा जा सकता है। इसके ज़रिए बैटरी चार्ज, ओडोमीटर रीडिंग और स्कूटर की लोकेशन को दूर से देखा जा सकता है। सुरक्षा के लिए इसमें क्रैश और फॉल अलर्ट, एंटी-थेफ्ट ट्रैकिंग, जियो-फेंसिंग और टाइम फेंसिंग जैसे फीचर्स भी शामिल हैं।

TVS Orbiter (1)

इसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन, इनकमिंग कॉल डिस्प्ले और ओवर-द-एयर सॉफ्टवेयर अपडेट्स भी दिए गए हैं। चलते समय राइडर्स ईको और पावर मोड के बीच स्विच कर सकते हैं और दोनों मोड में रीजनरेटिव ब्रेकिंग भी मिलती है, जिससे रेंज बढ़ाई जा सकती है। इसके अलावा, क्रूज़ कंट्रोल और हिल होल्ड असिस्ट जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।