
TVS iQube के ग्राहकों ने अब तक मिलकर 14.94 अरब किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की है, जिससे करीब 5.23 लाख टन CO₂ उत्सर्जन को कम करने में मदद मिली है
TVS Motor Company ने तमिलनाडु के होसुर प्लांट से अपने लोकप्रिय इलेक्ट्रिक स्कूटर iQube की 10 लाखवीं यूनिट का उत्पादन पूरा कर लिया है। TVS iQube को 2020 में भारतीय बाजार में लॉन्च किया गया था और आज यह देश के सबसे लोकप्रिय फैमिली इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में से एक बन चुका है। कई बैटरी विकल्पों, अलग-अलग रेंज और मजबूत सेल्स-एंड-सर्विस नेटवर्क ने इसकी लोकप्रियता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
टीवीएस का कहना है कि iQube को भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। वर्तमान में यह भारत का सबसे ज्यादा बिकने वाला इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर भी है। लॉन्च के बाद से iQube को चलाने वालों ने मिलकर 14.94 अरब किलोमीटर से अधिक की दूरी तय की है।
कंपनी के अनुसार, iQube के इस्तेमाल से अब तक लगभग 5.23 लाख टन CO₂ उत्सर्जन कम हुआ है। TVS का दावा है कि यह बचत करीब 2.09 करोड़ पेड़ लगाने के बराबर है। बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी ने अपने सेल्स और सर्विस नेटवर्क का भी लगातार विस्तार किया है।

आज TVS iQube को देशभर में 3,300 से ज्यादा टचपॉइंट्स और 3,000 से अधिक शहरों में सपोर्ट मिलता है। इस बड़े नेटवर्क ने छोटे शहरों और कस्बों तक भी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को पहुंचाने में मदद की है, जहाँ बिक्री के साथ-साथ सर्विस सपोर्ट भी ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण होता है।
पिछले कुछ वर्षों में iQube लाइनअप का लगातार विस्तार हुआ है। वर्तमान में यह इलेक्ट्रिक स्कूटर 2.2 kWh, 3.1 kWh, 3.5 kWh, S 4.7 kWh और ST 5.3 kWh बैटरी विकल्पों के साथ उपलब्ध है। TVS ने EV तकनीक, सॉफ्टवेयर, बैटरी सिस्टम और उत्पादन क्षमता में भी लगातार निवेश किया है ताकि बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।

कीमत की बात करें तो TVS iQube 2.2 kWh की एक्स-शोरूम कीमत 1,00,822 रुपये से शुरू होती है, जबकि 3.1 kWh वेरिएंट की कीमत सब्सिडी के बाद 1,13,212 रुपये है। वहीं, टॉप-स्पेक वेरिएंट में कंपनी 212 किमी तक की IDC रेंज का दावा करती है। बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच TVS आने वाले समय में iQube रेंज का और विस्तार करने की तैयारी कर रही है।