कैफे रेसर स्टाइल में आई नई Triumph Thruxton 400, कीमत 2.74 लाख रुपये

Triumph Thruxton 400 कैफ़े रेसर में 398 सीसी लिक्विड-कूल्ड इंजन लगा है जो 42 पीएस की पावर और 37.5 एनएम का पीक टॉर्क देता है

ट्रायम्फ मोटरसाइकिल्स ने भारत में अपनी नई थ्रक्सटन 400 बाइक लॉन्च की है। यह 398cc की एक कैफे रेसर स्टाइल वाली बाइक है, जो कंपनी की फेमस मॉडर्न क्लासिक बाइक्स में से एक बन गई है। इसकी कीमत 2.74 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है और इसे इस साल के अंत तक दुनिया के दूसरे देशों में भी लॉन्च किया जाएगा।

रेसिंग से प्रेरित ट्रायम्फ थ्रक्सटन 400 में कैफे रेसर जैसा लुक दिया गया है। इसमें क्लिप-ऑन हैंडलबार, स्टाइलिश फ्यूल टैंक, बुलेट शेप वाली सीट काउल, बार-एंड मिरर और क्लासिक स्टाइल की फेयरिंग मिलती है। बाइक के रंग-कोडेड टेल सेक्शन और बॉडी पर कंट्रास्ट डिज़ाइन इसे क्लासिक और मॉडर्न लुक का बढ़िया कॉम्बिनेशन बनाते हैं।

Thruxton 400 के लिए स्पेशल चेसिस और अपग्रेडेड सस्पेंशन सेटअप दिया गया है, जिससे बाइक को चलाना और भी मजेदार बन जाता है। इसके अलावा इसमें स्विचेबल ट्रैक्शन कंट्रोल, टॉर्क-असिस्ट क्लच, और राइड-बाय-वायर थ्रॉटल जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं, जो राइड को स्मूद और कंट्रोल में रखते हैं। Triumph ने यह भी कहा है कि इस बाइक में कम मेंटेनेंस की ज़रूरत होती है और यह उनकी प्रीमियम बिल्ड क्वालिटी के साथ आती है।

Triumph Thruxton 400 (2)

Triumph के चीफ कमर्शियल ऑफिसर पॉल स्ट्राउड के मुताबिक, “थ्रक्सटन नाम हमेशा से ज़बरदस्त राइडिंग अनुभव, केंद्रित राइडिंग पोजिशन और आइकॉनिक कैफे रेसर डिज़ाइन के लिए जाना जाता है। नई थ्रक्सटन 400 इन सभी खूबियों को और भी बेहतर तरीके से पेश करती है। यह एक ऐसी स्टाइलिश मोटरसाइकिल है जो युवाओं को बेहद पसंद आएगी — खासतौर पर उन लोगों को जो ट्रायम्फ की मॉडर्न परफॉर्मेंस और प्रीमियम फिनिश वाली बाइक चाहते हैं। इसका बेहतर इंजन और स्पोर्टी डिजाइन इसे हमारी ‘मॉडर्न क्लासिक’ सीरीज़ का एक शानदार नया हिस्सा बनाता है। यह 400 सीसी रेंज की आसान और आत्मविश्वास देने वाली राइडिंग को और मज़बूत करता है।”।

नई Thruxton 400 में अब एक नया फेयरिंग डिज़ाइन दिया गया है, जिसमें क्लासिक राउंड LED हेडलाइट लगी है। इसमें स्पोर्टी और स्टाइलिश बार-एंड मिरर्स मिलते हैं। इस बाइक के चार नए कलर ऑप्शन इसे और भी ज्यादा आकर्षक बनाते हैं। इन सभी स्कीम्स में स्लीक ग्राफिक्स और स्पोर्टी कॉन्ट्रास्ट एक्सेंट्स दिए गए हैं जो फ्यूल टैंक, फेयरिंग और सीट काउल पर नज़र आते हैं। साथ ही, मैट फैंटम ब्लैक साइड पैनल पर लगा Thruxton बैज एल्यूमीनियम फिनिश में आता है, जो प्रीमियम लुक देता है।

Triumph Thruxton 400 (3)

रंगो में लावा रेड ग्लॉस के साथ एल्युमिनियम सिल्वर, पर्ल मेटालिक व्हाइट के साथ स्टॉर्म ग्रे, मेटालिक रेसिंग येलो के साथ एल्युमिनियम सिल्वर, फैंटम ब्लैक के साथ एल्युमिनियम सिल्वर शामिल है। 398cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन 9,000 आरपीएम पर 42 पीएस की अधिकतम पावर और 7,500 आरपीएम पर 37.5 एनएम का टॉर्क देता है। स्पीड 400 के मुकाबले इसकी पावर लगभग 5 फीसदी ज़्यादा है। ब्रांड के अनुसार, इसमें नया कैमशाफ्ट और ट्यून किए गए इंटरनल पार्ट्स दिए गए हैं, जिससे इंजन ज़्यादा हाई आरपीएम तक घूम सकता है और टॉप-एंड परफॉर्मेंस बेहतर हुई है।

थ्रक्सटन 400 को ट्यूबलर स्टील हाइब्रिड स्पाइन/पेरिमीटर फ्रेम पर तैयार किया गया है, जिसमें कास्ट एल्युमिनियम ट्विन-साइडेड स्विंगआर्म दिया गया है। सस्पेंशन सेटअप में 43 मिमी अपसाइड-डाउन बिग पिस्टन फोर्क्स और एक्सटर्नल रिज़र्वायर व प्रीलोड एडजस्टमेंट के साथ गैस-चार्ज्ड मोनोशॉक शामिल है।