
1 लाख बिक्री की उपलब्धि Bajaj Auto और Triumph Motorcycles की साझेदारी शुरू होने के करीब ढाई साल बाद हासिल हुई है
Triumph Motorcycles ने भारतीय बाजार में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी की अब 1 लाख से ज्यादा मोटरसाइकिलें भारत की सड़कों पर दौड़ रही हैं। यह ब्रिटिश ब्रांड के लिए भारत में विस्तार के लिहाज से एक अहम उपलब्धि है और खासतौर पर 400 सीसी सेगमेंट में इसके मॉडलों को ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। बजाज ऑटो के साथ साझेदारी की बदौलत कंपनी ने एंट्री-लेवल मिडिलवेट मोटरसाइकिल सेगमेंट में तेजी से अपनी पकड़ मजबूत की है।
Triumph Motorcycles और Bajaj Auto की साझेदारी 2023 की दूसरी तिमाही से मजबूत होने लगी थी और तब से कंपनी की ग्रोथ लगातार बढ़ती जा रही है। इस साझेदारी में ट्रायम्फ की वैश्विक इंजीनियरिंग विशेषज्ञता और बजाज की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, रिसर्च-डेवलपमेंट संसाधन और बड़े डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का अच्छा तालमेल देखने को मिला है।
इस सहयोग का एक बड़ा नतीजा भारत में ट्रायम्फ के रिटेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार है। आज यह ब्रांड देश के 200 से ज्यादा शहरों में मौजूद है और इसके 230 से अधिक रिटेल आउटलेट्स हैं। बिक्री बढ़ाने के साथ-साथ कंपनी भारत में एक मजबूत राइडर कम्युनिटी बनाने पर भी जोर दे रही है।

इसके लिए कंपनी World of Triumph और Distinguished Gentleman’s Ride जैसे कार्यक्रमों के जरिए मोटरसाइकिल प्रेमियों को एक साथ ला रही है। इसके अलावा भारतीय सड़कों और राइडिंग स्टाइल को ध्यान में रखते हुए Triumph Tiger Trails, Scrambler Rides, Bike Nights और Western Ghats जैसी खूबसूरत जगहों पर खास राइड्स भी आयोजित की जा रही हैं, ताकि राइडर्स इन मोटरसाइकिलों का असली अनुभव ले सकें।
इस उपलब्धि के पीछे एक और अहम वजह 400 सीरीज मोटरसाइकिलों का भारत में स्थानीय उत्पादन है। भारत में बनी ये बाइक्स सिर्फ घरेलू बाजार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इन्हें 18 अंतरराष्ट्रीय बाजारों जैसे Japan, Australia, Mexico, Taiwan और South Korea में भी एक्सपोर्ट किया जा रहा है। इससे साफ है कि भारत ट्रायम्फ के लिए एक महत्वपूर्ण मैन्युफैक्चरिंग हब बनता जा रहा है।

कंपनी की Triumph Speed 400 और Triumph Speed T4 को प्रतिस्पर्धी कीमत, शानदार बिल्ड क्वालिटी और दमदार परफॉर्मेंस के कारण ग्राहकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। इसके अलावा कंपनी की लाइनअप में Triumph Scrambler 400X और हाल ही में पेश की गई Triumph Thruxton 400 भी शामिल हैं। वहीं बजाज, ट्रायम्फ और KTM भविष्य में 400 सीसी से कम क्षमता वाले नए इंजन लाने की योजना पर भी काम कर रहे हैं, ताकि संभावित GST 2.0 टैक्स कटौती का फायदा उठाया जा सके।