
Triumph की 400cc रेंज की सातवीं बाइक Bonneville 400 भारतीय बाजार में रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 को सीधी टक्कर देगी
Triumph Bonneville 400 को एक बार फिर भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। सामने आई नई तस्वीरों से पता चलता है कि यह मोटरसाइकिल अब प्रोडक्शन-रेडी मॉडल के काफी करीब पहुंच चुकी है। टेस्टिंग मॉडल के ज्यादातर डिज़ाइन एलिमेंट्स साफ दिखाई देते हैं। लगातार सामने आ रही टेस्टिंग तस्वीरों को देखते हुए माना जा रहा है कि Bonneville 400 को इस साल के अंत तक भारतीय बाजार में लॉन्च किया जा सकता है।
नई Bonneville 400 का डिजाइन Speed 400, Scrambler 400 X और Speed T4 से काफी अलग होगा। इसके रियर में मोनोशॉक की जगह ट्विन रियर शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं, जो इसे क्लासिक Bonneville लुक देते हैं। इसके अलावा इसमें गोल टेललाइट, गोलाकार रियर फेंडर, लंबी सिंगल-पीस सीट और ब्लैक पीशूटर एग्जॉस्ट भी देखने को मिलता है, जिससे इसकी रेट्रो स्टाइलिंग और मजबूत होती है।
तस्वीरों में वायर-स्पोक व्हील्स भी नजर आए हैं। बाइक में रोड-बायस्ड टायर्स दिए गए हैं, जबकि इसके लिए नया सब-फ्रेम तैयार किया गया है। इसका डिज़ाइन बड़े Bonneville मॉडल्स से प्रेरित है और कंपनी इसे खासतौर पर Royal Enfield के ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तैयार कर रही है।

फ्रंट में पारंपरिक टेलिस्कोपिक फोर्क्स दिए गए हैं, जिन पर रबर गैटर्स लगाए गए हैं। चौड़ा हैंडलबार, गोल मिरर और सीधा राइडिंग पोजिशन इसे एक क्लासिक रोडस्टर का लुक देते हैं। बाइक में गोल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलेगा, जबकि टॉप वेरिएंट में बड़ा TFT डिस्प्ले भी दिया जा सकता है। इसके फ्यूल टैंक का आकार मौजूदा Triumph 400cc बाइक्स के 13-लीटर टैंक से बड़ा दिखाई देता है।
बड़ा टैंक, लंबी सीट और आरामदायक राइडिंग पोजिशन इसे लंबी दूरी की यात्रा के साथ-साथ रोजमर्रा के इस्तेमाल के लिए भी बेहतर बना सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक Triumph Bonneville 400 में नया 350cc लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया जा सकता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स, स्लिपर और असिस्ट क्लच, राइड-बाय-वायर थ्रॉटल और डुअल-चैनल ABS जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है।

कंपनी इसे एक से अधिक वेरिएंट में भी लॉन्च कर सकती है। एक वेरिएंट में वायर-स्पोक व्हील्स और क्रोम फिनिश मिलेगी, जबकि दूसरे वेरिएंट में अलॉय व्हील्स और ब्लैक-आउट डिजाइन देखने को मिल सकता है। लॉन्च के बाद Triumph Bonneville 400, कंपनी की Speed 400, Speed T4, Scrambler 400 X और Scrambler 400 XC के साथ बिक्री के लिए उपलब्ध होगी। इसकी कीमत रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350, Jawa 350, Yezdi 350 और Honda CB350 जैसी बाइक्स के मुकाबले रखे जाने की संभावना है।