भारतीय बाजार में 7-सीटर SUVs और MPVs की जबरदस्त मांग, जानें डिटेल्स

भारत में 7-सीटर SUVs और MPVs को ज्यादा स्पेस, आराम और फैमिली ट्रैवल के लिए उपयुक्त माना जाता है

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में अब ग्राहकों की पसंद में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। जहाँ पहले कॉम्पैक्ट और फ्यूल एफिशिएंट कारें ज्यादा पसंद की जाती थीं, वहीं अब भारतीय खरीदारों के बीच 7-सीटर SUV और MPV की मांग तेजी से बढ़ रही है। यह ट्रेंड दिखाता है कि लोग अब ज्यादा स्पेस, प्रैक्टिकलिटी और फैमिली के लिए कम्फर्ट को प्राथमिकता दे रहे हैं।

जाटो डायनेमिक्स के डेटा के आधार पर जारी की गई इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, पर्सनल मोबिलिटी के लिए बड़े यूटिलिटी व्हीकल्स की खरीदारी करते समय 7-सीटर भारतीय लोगों के लिए सबसे पसंदीदा विकल्प बनते जा रहे हैं। चाहे वो लंबी दूरी की रोड ट्रिप हो, वीकेंड या फैमिली फंक्शन हो, अब ऐसे मौकों पर 7-सीटर SUVs और MPVs सबसे उपयुक्त विकल्प बनकर उभर रहे हैं।

4.5 मीटर या उससे अधिक लंबी एसयूवी की बिक्री में अब 7-सीट वाले मॉडल का योगदान 78 फीसदी है। 2022 में 58 फीसदी की तुलना में उनकी हिस्सेदारी में 20 फीसदी की प्रभावशाली वृद्धि हुई है। स्थानीय रूप से निर्मित मॉडलों में इस सेगमेंट में टाटा सफारी, महिंद्रा एक्सयूवी700, महिंद्रा स्कॉर्पियो, महिंद्रा स्कॉर्पियो एन, महिंद्रा बोलेरो नियो और हुंडई अल्काजर जैसे मॉडल शामिल हैं।

Mahindra Scorpio N Napoli Black Edition 2025
Pic Source: Avtansh Singh

वहीं 4.0 मीटर से अधिक लंबाई वाले एमपीवी में 7-सीट वाले मॉडल की बिक्री का हिस्सा 86 फीसदी है। हालांकि यहाँ विकल्प कम हैं। टोयोटा इनोवा क्रिस्टा, टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस, मारुति अर्टिगा, किआ कैरेंस, किआ कैरेंस क्लैविस आदि लोकप्रिय विकल्पों में से एक हैं।

4.0 मीटर या उससे छोटे सेगमेंट में रेनो ट्राइबर वर्तमान में एकमात्र 7-सीटर एमपीवी है। थोड़े अलग डिजाइन के साथ निसान-बैज वाला इसका एक कॉर्पोरेट सिब्लिंग भी अगले साल की शुरुआत में आ रहा है। महिंद्रा एंड महिंद्रा के सीईओ – ऑटोमोटिव, नलिनीकांत गोलागुंटा ने कहा कि न केवल ज्वाइंट फैमिली बल्कि छोटी और न्यूक्लियर फैमिली भी अब 7 सीट वाले मॉडल की ओर जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में मारुति अर्टिगा खरीदने वालों की औसत आयु 40 वर्ष से घटकर 37 वर्ष हो गई है।

2022 maruti suzuki ertiga

वहीं किआ इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और बिक्री के राष्ट्रीय प्रमुख हरदीप सिंह बरार ने कहा कि किआ में एमपीवी सेगमेंट का कंपनी की कुल बिक्री में 25-27 फीसदी का योगदान है। कंपनी ने हाल ही में किआ कैरेंस के फेसलिफ़्टेड वर्जन को किआ कैरेंस क्लैविस के रूप में लॉन्च किया है और प्री-फेसलिफ़्ट मॉडल की बिक्री जारी रखी है।