Toyota Urban Cruiser Ebella इलेक्ट्रिक एसयूवी 49 kWh और 61.1 kWh बैटरी पैक में उपलब्ध होगी और एक बार चार्ज करने पर 543 किमी तक की रेंज देगी
टोयोटा ने भारतीय बाजार में Urban Cruiser Ebella का खुलासा कर दिया है। यह मिडसाइज इलेक्ट्रिक SUV भारतीय बाजार के लिए टोयोटा की पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक पेशकश है और इसे सुजुकी के साथ जॉइंट डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत तैयार किया गया है। अर्बन क्रूजर Ebella का प्लेटफॉर्म, प्रमुख कंपोनेंट्स और पावरट्रेन रणनीति मारुती सुजुकी e Vitara के साथ साझा की गई है। 25,000 रुपये की टोकन राशि के साथ इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है और इसका मुकाबला टाटा Curvv EV, Hyundai Creta Electric, MG ZS EV और Mahindra XEV 9e जैसी मिडसाइज इलेक्ट्रिक SUVs से होगा।
यह इलेक्ट्रिक SUV Heartect-e स्केटबोर्ड प्लेटफॉर्म पर आधारित है और इसका उत्पादन सुजुकी मोटर गुजरात की फैक्ट्री में किया जाएगा। यह EV-स्पेसिफिक आर्किटेक्चर बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल सिस्टम जैसे कई कंपोनेंट्स को साझा करने की सुविधा देता है। इस रणनीति से टोयोटा अपनी लागत कम रख पाएगी और भारत में बिक्री के साथ-साथ निर्यात को भी आसानी से बढ़ा सकेगी।
अर्बन क्रूजर Ebella की बुकिंग 20 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि इसकी कीमतों की घोषणा जल्द की जाएगी। यह एक डेडिकेटेड BEV प्लेटफॉर्म पर बनी है, जिसमें बैटरी पैक, इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल सिस्टम जैसे कई हिस्सों को साझा किया गया है। साइज की बात करें तो इसकी लंबाई लगभग 4,285 मिमी, चौड़ाई 1,800 मिमी, ऊंचाई 1,640 मिमी और व्हीलबेस 2,700 मिमी है।

Toyota ने Urban Cruiser Ebella के लिए दो लिथियम-आयरन-फॉस्फेट (LFP) बैटरी विकल्पों की पुष्टि की है। इसमें 49 kWh और 61.1 kWh बैटरी पैक का विकल्प मिलेगा, जो e Vitara में भी इस्तेमाल किए जाते हैं। दोनों वेरिएंट्स में सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 172 एचपी की पावर और 189 Nm का टॉर्क उत्पन करती है। बड़ी बैटरी के साथ कंपनी 543 किमी तक की ARAI-सर्टिफाइड रेंज का दावा करती है। इसमें AC चार्जिंग के साथ-साथ CCS2 DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मिलता है।
डिजाइन की बात करें तो Urban Cruiser Ebella में मॉडर्न हैमरहेड-स्टाइल फ्रंट फेसिया दिया गया है। इसमें स्लिम LED हेडलैम्प्स, इंटीग्रेटेड DRLs और इलेक्ट्रिक कारों की पहचान वाली क्लोज्ड ग्रिल मिलती है। फ्रंट फेंडर के पास दिया गया BEV बैज चार्जिंग पोर्ट की लोकेशन बताता है। साइड प्रोफाइल में यह e Vitara जैसी दिखती है, लेकिन इसमें अलग 18-इंच ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स मिलते हैं।

केबिन में 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम (वायरलेस एंड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले के साथ), 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पैनोरैमिक रूफ, 12-कलर एम्बिएंट लाइटिंग, स्लाइड और रीक्लाइन होने वाली रियर सीट्स, वायरलेस चार्जिंग और JBL प्रीमियम साउंड सिस्टम जैसे फीचर्स मिलेंगे। इसके अलावा Toyota की T Intouch कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी भी दी जाएगी, जिससे रिमोट व्हीकल मॉनिटरिंग, चार्जिंग स्टेटस और अन्य ऐप-आधारित सुविधाएं मिलेंगी।
सेफ्टी के लिहाज से इसमें Level 2 ADAS, 7 एयरबैग्स, हाई-टेंसाइल स्टील बॉडी स्ट्रक्चर और 360-डिग्री कैमरा दिया गया है। ADAS फीचर्स में अडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, लेन-कीप असिस्ट, ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग, रियर क्रॉस-ट्रैफिक अलर्ट और ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग शामिल हैं। Urban Cruiser Ebella के साथ 8 साल की बैटरी वारंटी, Battery-as-a-Service विकल्प और सुनिश्चित बायबैक प्रोग्राम भी मिलेगा। इसके अलावा देशभर में 500 से ज्यादा BEV-रेडी सर्विस टचपॉइंट्स और 2,500 से अधिक प्रशिक्षित BEV टेक्नीशियन भी तैयार किए गए हैं।