टोयोटा अर्बन क्रूजर इलेक्ट्रिक में ई विटारा के समान 49 kWh और 61.1 kWh के बैटरी पैक मिलेंगे और इसकी रेंज लगभग 550 किमी होगी
टोयोटा ने भारतीय बाजार के लिए अर्बन क्रूजर BEV को लेकर पहले ही टीज़र जारी कर दिए हैं और इसके 19 जनवरी 2026 को लॉन्च होने की पुष्टि भी हो चुकी है। यह मॉडल भारत में टोयोटा की पहली इलेक्ट्रिक कार होगी, जिसे सुजुकी के साथ रणनीतिक साझेदारी के तहत विकसित किया गया है। यह इलेक्ट्रिक एसयूवी आने वाली मारुति सुजुकी ई-विटारा के प्लेटफॉर्म और तकनीक पर आधारित होगी।
डिज़ाइन की बात करें तो अर्बन क्रूजर BEV के फ्रंट में स्लीक एलईडी हेडलैंप्स और इंटीग्रेटेड DRLs दिए गए हैं। फ्रंट फेंडर के पास लगा BEV बैज चार्जिंग पोर्ट की ओर इशारा करता है। साइड प्रोफाइल में इसका लुक काफी हद तक ई-विटारा जैसा है, जबकि इसमें 18-इंच ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स देखने को मिलते हैं।
इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का निर्माण सुजुकी के गुजरात प्लांट में किया जाएगा और यह Heartect e प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जिसे खासतौर पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए तैयार किया गया है। बैटरी लेआउट, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य सिस्टम्स साझा होने की वजह से टोयोटा इसे किफायती कीमत पर पेश कर सकती है।

ग्लोबल मार्केट में टोयोटा अर्बन क्रूजर BEV को 49 kWh और 61.1 kWh के साथ दो बैटरी विकल्पों में पेश किया जाता है। दोनों वेरिएंट्स में 172 एचपी की पावर और 192 Nm का टॉर्क देने वाली सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है। एक बार फुल चार्ज होने पर इसकी रेंज करीब 550 किमी तक होने की उम्मीद है।
साइज की बात करें तो इसकी लंबाई 4,285 मिमी, चौड़ाई 1,800 मिमी और ऊंचाई 1,640 मिमी है, जबकि इसका व्हीलबेस 2,700 मिमी का है। फीचर्स के मोर्चे पर इसमें टोयोटा T Intouch कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले, फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स जैसे प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है।

टोयोटा अर्बन क्रूजर BEV मिडसाइज़ इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में e विटारा, टाटा कर्व EV, हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक, MG ZS EV और महिंद्रा XEV 9e जैसी कारों को कड़ी टक्कर देगी।