टोयोटा की नई एमपीवी DNGA प्लेटफार्म पर आधारित हो सकती है और इसे आगामी मारूति-टोयोटा मिड-साइज एसयूवी की तरह स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन मिल सकता है
टोयोटा भारतीय बाजार में एक नई सी-सेगमेंट एमपीवी लॉन्च करने की योजना बना रही है। इस आगामी एमपीवी को कंपनी ने 560B का कोडनेम दिया है और यह टोयोटा के पोर्टफोलियो में इनोवा क्रिस्टा के नीचे स्थित होगी। भारत में इस कार का मुकाबला किआ कैरेंस, एक्सएल6, एर्टिगा और महिंद्रा मराज़ो जैसी कारों से होगा।
खबरों की मानें तो टोयोटा अपनी इस एमपीवी को साल 2023 में किसी भी समय लॉन्च कर सकती है और इसे ब्रांड के दाइहात्सु न्यू ग्लोबल आर्किटेक्चर (DNGA) पर विकसित किया जाएगा। यह प्लेटफॉर्म टोयोटा का वैश्विक प्लेटफार्म है, जिस पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर Raize और Avanza जैसी कारों को रेखांकित किया गया है।
इस नई एमपीवी के टोयोटा अवांज़ा पर आधारित होने की उम्मीद है और इसके एक्सटीरियर और इंटीरियर डिजाइन में काफी समानताएं होने की संभावना है। हाल ही में भारत में टोयोटा की एक एमपीवी को टेस्टिंग के दौरान देखा गया था, जिसका अनुमान इनोवा क्रिस्टा की नई जेनरेशन से लगाया जा रहा था। हालाँकि टेस्टिंग प्रोपोटाइप आकार में थोड़ा छोटा लग रहा था। इसलिए इस संभावना को बल मिल रहा है कि यह टोयोटा की नई सी-सेगमेंट एमपीवी हो सकती है।
टोयोटा अवांज़ा की लंबाई लगभग 4.4 मीटर है और इसका व्हीलबेस 2.75 मीटर लंबा है, जो इनोवा क्रिस्टा से छोटा है और किआ कैरेंस के बराबर है। इस आगामी टोयोटा एमपीवी के एक स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन द्वारा संचालित होने की उम्मीद है, जिसके आगामी मारुति-टोयोटा मिडसाइज एसयूवी के साथ भी उपलब्ध होने की संभावना है। इस एसयूवी के इस साल के अंत में लॉन्च होने की उम्मीद है।
हालाँकि अभी इसके स्पेसिफिकेशन और अन्य जानकारी सामने आना बाकी है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही और जानकारी उपलब्ध होगी। इसके अलावा टोयोटा अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में टोयोटा रुमियन नाम से मारुति सुजुकी एर्टिगा के एक रीबैज वर्जन को बेचती है। भारतीय बाजार में इस मॉडल के भी लॉन्च होने की खबरें कई महीनों से है। हालाँकि अभी कंपनी द्वारा इसकी पूष्टि नहीं की गई है।
टोयोटा जल्द ही भारत में अर्बन क्रूजर के नए जेनरेशन को भी लॉन्च करेगी, जो मूलतः मारुति सुजुकी ब्रेज़ा के नए जेनरेशन का रीबैज वर्जन होगा। इसके अलावा जापानी कार कंपनी इस साल अगस्त के आसपास नए लैंड क्रूजर को लॉन्च करेगी, जबकि टोयोटा RAV4 हाइब्रिड का भारत में रोड टेस्टिंग भी चल रहा है और निकट भविष्य में इसे भी लॉन्च किया जा सकता है।