
टोयोटा इनोवा Hycross Facelift में अपडेटेड एक्सटीरियर और इंटीरियर के साथ नए फीचर्स मिलने की उम्मीद है
टोयोटा ने भारत में अब Innova Hycross Facelift की रोड टेस्टिंग शुरू कर दी है और इसे पहली बार देखा गया है। तस्वीरों से साफ संकेत मिलते हैं कि कंपनी अपनी लोकप्रिय MPV को मिड-लाइफ अपडेट देने की तैयारी कर रही है। हालांकि पूरी बॉडी को कवर किया गया है, लेकिन इसके डिजाइन और आकार से कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
नई Innova Hycross Facelift के फ्रंट में नई ग्रिल, अपडेटेड बंपर, पहले से ज्यादा स्लिम LED हेडलैंप और नया DRL (डे-टाइम रनिंग लाइट) डिजाइन देखने को मिल सकते हैं। इसके अलावा बोनट में भी हल्के बदलाव किए जा सकते हैं, जबकि इसके साइज और फ्रंट ओवरहैंग में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
साइड प्रोफाइल की बात करें तो इसमें मौजूदा मॉडल जैसा विंडो डिजाइन और बॉडी शेप बरकरार रहेंगे। टेस्ट मॉडल में मौजूदा डिजाइन वाले अलॉय व्हील दिखाई दिए हैं। इसके अलावा डोर हैंडल, रूफ रेल्स और ORVM भी पहले जैसे ही नजर आए हैं। पीछे के हिस्से में टेलगेट और रूफ स्पॉइलर का आकार साफ दिखाई देता है। उम्मीद है कि इसमें नई LED टेललाइट्स के साथ अलग लाइटिंग सिग्नेचर मिलेगा।

इसके अलावा रियर बंपर और कुछ एक्सटीरियर ट्रिम एलिमेंट्स को भी नया डिजाइन दिया जा सकता है, ताकि यह मौजूदा मॉडल से अलग दिखे। फीचर्स की बात करें तो मौजूदा Innova Hycross पहले से ही भारत की सबसे फीचर-लोडेड MPV में से एक है और फेसलिफ्ट मॉडल में इसे और बेहतर बनाया जा सकता है।
टॉप वेरिएंट्स में अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम, नया इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, नई अपहोल्स्ट्री, बेहतर सॉफ्ट-टच मटेरियल और नए कनेक्टेड कार फीचर्स मिलने की संभावना है। वहीं पैनोरैमिक सनरूफ, पावर्ड ऑटोमन कैप्टन सीट्स, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पावर्ड टेलगेट, वायरलेस चार्जर और JBL प्रीमियम ऑडियो सिस्टम जैसे फीचर्स पहले की तरह जारी रह सकते हैं।

सुरक्षा के लिए इसमें 6 एयरबैग, ABS के साथ EBD, व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट, TPMS, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर, 360-डिग्री कैमरा और Toyota Safety Sense Level 2 ADAS जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। ADAS पैकेज में एडेप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, लेन डिपार्चर अलर्ट, लेन ट्रेस असिस्ट, ऑटोमैटिक हाई बीम और प्री-कोलिजन सिस्टम शामिल रहेंगे।
इंजन में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। नई Innova Hycross Facelift में मौजूदा 2.0-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलता रहेगा, जो 173 एचपी की पावर और 209 Nm का टॉर्क पैदा करता है। यह CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आती है। इसके अलावा 2.0-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन भी जारी रहेगा, जो 184 hp की संयुक्त पावर देता है और e-CVT गियरबॉक्स से लैस है। कंपनी के अनुसार यह हाइब्रिड मॉडल 23.24 किमी/लीटर तक का माइलेज देने में सक्षम है।