
2026 Toyota Innova Crysta को नया लुक और अपडेटेड केबिन मिला है और इसे 4 वेरिएंट के साथ 7-सीटर और 8-सीटर कॉन्फ़िगरेशन के साथ ख़रीदा जा सकता है
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने आज भारत में अपडेटेड टोयोटा इनोवा क्रिस्टा को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.72 लाख रुपये रखी गई है। इस अपडेट के साथ MPV को कुछ नए कॉस्मेटिक बदलाव और अतिरिक्त फीचर्स मिले हैं, जबकि इसके मैकेनिकल सेटअप में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पिछले दो दशकों में भारत में 13 लाख से ज्यादा इनोवा बिक चुकी हैं।
2026 टोयोटा इनोवा क्रिस्टा 7-सीटर और 8-सीटर वेरिएंट में उपलब्ध है। GX/GX Fleet वेरिएंट की कीमत 19.72 लाख रुपये और 19.77 लाख रुपये रखी गई है। वहीं GX+ 7-सीटर वेरिएंट की कीमत 21.15 लाख रुपये और 8-सीटर वेरिएंट की कीमत 21.20 लाख रुपये है। वहीं VX 7-सीटर वेरिएंट की कीमत 24.93 लाख रुपये और 8-सीटर वेरिएंट की कीमत 24.98 लाख रुपये है। ZX 7-सीटर की कीमत 26.63 लाख रुपये रखी गई है।
सबसे बड़े बदलाव इसके फ्रंट डिजाइन में देखने को मिलते हैं। नई इनोवा क्रिस्टा में नया रेडिएटर ग्रिल और अपडेटेड फ्रंट बंपर गार्निश दिया गया है, जिससे इसका लुक पहले से ज्यादा आकर्षक हो गया है। इसके अलावा, रियर बंपर गार्निश को भी नया डिजाइन दिया गया है।

केबिन में भी कई बदलाव किए गए हैं। अब इसमें नया ड्यूल-टोन लेदर अपहोल्स्ट्री और इंस्ट्रूमेंट पैनल, डोर ट्रिम्स व अन्य हिस्सों पर ग्रेस कॉपर फिनिश दी गई है, जो इसे ज्यादा प्रीमियम फील देती है। साथ ही, वुड-पैटर्न इंसर्ट्स, अपडेटेड AC कंट्रोल्स, नए स्विच और रियर सीट बैक टेबल भी शामिल किए गए हैं। फीचर्स की बात करें तो अब इसमें वायरलेस चार्जर और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) भी दिया गया है।
मैकेनिकल तौर पर नई इनोवा क्रिस्टा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें पहले की तरह 2.4-लीटर चार-सिलेंडर डीजल इंजन मिलता है, जो केवल 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध है। यह इंजन अपनी मजबूत लो-एंड टॉर्क, हाईवे पर आरामदायक ड्राइविंग और भरोसेमंद प्रदर्शन के लिए जाना जाता है।

स्पेस, आरामदायक सीटिंग, बेहतरीन एयर कंडीशनिंग और लचीले सीटिंग लेआउट के कारण इनोवा क्रिस्टा आज भी निजी खरीदारों और कमर्शियल ऑपरेटर्स दोनों के बीच काफी लोकप्रिय बनी हुई है। सुरक्षा के लिए इसमें 7 एयरबैग्स, ABS, व्हीकल स्टेबिलिटी कंट्रोल (VSC), हिल स्टार्ट असिस्ट, EBD और ब्रेक असिस्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा, टोयोटा रोडसाइड असिस्टेंस, मेंटेनेंस पैकेज और विस्तारित वारंटी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराती है, जिससे ओनरशिप अनुभव और बेहतर बनता है। कंपनी इनोवा क्रिस्टा पर 3 साल / 1 लाख किमी की स्टैंडर्ड वारंटी दे रही है, साथ ही 5 साल / 2.2 लाख किमी तक की एक्सटेंडेड वारंटी भी उपलब्ध है।