टोयोटा हिलक्स पिकअप ट्रक को पावर देने के लिए 2.4-लीटर, डीजल इंजन और 2.8-लीटर, डीजल इंजन मिल सकता है
भारत में आखिरकार टोयोटा हिलक्स पिकअप ट्रक के लॉन्च की समयसीमा आ गई है। इस लोकप्रिय लाइफस्टाइल पिकअप को देश में जनवरी 2022 में पेश किया जाएगा। भारत में लॉन्च होने के बाद इस पिकअप का मुकाबला इसुजु वी-क्रॉस से होगा। खबरों की मानें तो यह पिकअप खरीददारों के लिए हिलक्स व हिलक्स Reo के साथ दो वेरिएंट में उपलब्ध होगा और यह ब्रांड के IMV-2 प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा।
टोयोटा का IMV-2 प्लेटफॉर्म वही है, जिस पर इनोवा क्रिस्टा व टोयोटा फॉर्च्यूनर को विकसित किया गया है। हालांकि हिलक्स उपरोक्त दोनों मॉडलों की तुलना में काफी लंबा होगा, क्योंकि इसकी लंबाई लगभग 5.3 मीटर है और इसका व्हीलबेस 3 मीटर से ज्यादा है, जो कि आकार में इसुजु वी-क्रॉस के काफी करीब है।
इसके अलावा इंडियन स्पेक हिलक्स में एक बड़ा हेक्सागोनल फ्रंट ग्रिल होगा और यह एक अलग डिजाइन को सपोर्ट करेगा, जिसमें एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट के साथ स्वेप्ट-बैक हेडलैम्प्स होंगे। पिकअप के फ्लेयर्ड व्हील आर्च, बॉडी क्लैडिंग और साइड स्टेप इसे रफ एंड टफ लुक देते हैं। आमतौर पर अधिकांश पिकअप ट्रकों का रियर स्टाइल काफी सरल होता है, लेकिन हिलक्स में तराशी गई टेल-लाइट्स अलग कैरेक्टर जोड़ती हैं।
खबरों की मानें तो देश में हिलक्स को डबल-कैब वर्जन भी मिलेगा, लेकिन अभी यह देखा जाना बाकी है कि क्या टोयोटा इसुजु की तरह कमर्शियल वाहन सेगमेंट के लिए सिंगल-कैब वर्जन पेश करेगी या नहीं। लागत बचाने के लिए टोयोटा स्थानीय रूप से इस पिकअप में इनोवा व फॉर्च्यूनर के कई सायकल पार्ट का इस्तेमाल कर सकती है।
इसके अलावा यह देखते हुए कि हिलक्स डायमेंशनल रूप में फॉर्च्यूनर के समान है। इसलिए उम्मीद है कि इसमें समान डैशबोर्ड डिज़ाइन और सीटें होंगी। फीचर्स के रूप में इस पिकअप को एंड्राइड ऑटो और एप्पल कारप्ले के साथ 8.0-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट भी मिलने की उम्मीद है। हालांकि इंडियन स्पेक वर्जन के सभी फीचर्स का खुलासा लॉन्च के वक्त होगा।
यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि थाई स्पेक हिलक्स को Asian एनसीएपी क्रैश टेस्ट में 5-स्टार रेटिंग प्राप्त हुई है। इसलिए इंडियन स्पेक वर्जन में भी यह रेटिंग समान रहने की उम्मीद है। इसके अलावा अभी इंडियन स्पेक वर्जन के पावरट्रेन विकल्पों का भी खुलासा होना बाकी है, लेकिन उम्मीद है कि यह इनोवा में ड्यूटी कर रहे 2.4-लीटर डीजल इंजन के साथ पेश की जा सकती है।
वर्तमान में इनोवा में यह इंजन 150 बीएचपी की पावर विकसित करता है और बेस वेरिएंट को टू-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलना चाहिए। इसके अलावा इस पिकअप को फॉर्च्यूनर में ड्यूटी कर रहा 2.8-लीटर, डीजल इंजन भी मिल सकता है, जो कि 204 एचपी की पावर विकसित करता है। यह इंजन पिकअप के टॉप वेरिएंट के साथ पेश किया जा सकता है, जो कि 2 या 4-व्हील ड्राइव के साथ लैस हो सकता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में मैनुअल गियरबॉक्स और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स शामिल होगा।