यहाँ उन 5 नई महिंद्रा कारों को सूचीबद्ध किया गया है, जिन्हें 2022 में महिंद्रा द्वारा भारतीय बाजार में लॉन्च किया जा सकता है
भारत की दिग्गज कार निर्माता कंपनी महिंद्रा ने 2020 के फेस्टिव सीजन में भारतीय बाजार में थार के दूसरे जेनरेशन को लॉन्च किया था और यह देश में एक लोकप्रिय ऑफ रोडर एसयूवी बनकर उभरी है, जबकि पिछले साल भी कंपनी ने देश में नई एक्सयूवी700 को लॉन्च किया था और इसे भी भारतीय खरीददारों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। हालाँकि महिंद्रा यहीं नहीं रूकना चाहती है, क्योंकि पिछले साल कई ऐसी कारें रहीं जिन्हें कंपनी लॉन्च नहीं कर सकी थी। लेकिन उम्मीद है कि इन्हें 2022 में लॉन्च किया जाएगा।
1. नई जेनरेशन महिंद्रा स्कॉर्पियो
पिछले दो दशकों से स्कॉर्पियो एसयूवी सेगमेंट में एक लोकप्रिय नाम रहा है और इसके नए जेनरेशन को कई मौकों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। इस एसयूवी में कई कॉस्मेटिक अपडेट के अलावा नई सुविधाओं की भरमार होगी और इसके टॉप वेरिएंट को पैनोरैमिक सनरूफ भी मिलने वाला है। नई स्कॉर्पियो 2.0-लीटर mStallion टर्बो-पेट्रोल इंजन और 2.2-लीटर mHawk डीजल इंजन विकल्प द्वारा संचालित होगी।
इसके अलावा मौजूदा मॉडल के भी एक नए टेस्टिंग प्रोपोटाइप को देखा गया था। इस तरह अनुमान है कि देश में कंपनी नई स्क़ॉर्पियो के साथ-साथ मौजूदा स्कॉर्पियो को भी फेसलिफ्ट देकर बिक्री के लिए जारी रखेगी। हालाँकि अभी कंपनी की ओर से इसकी पूष्टि होना बाकी है।
2. महिंद्रा एक्सयूवी700 हाइब्रिड/ प्लग-इन हाइब्रिड
महिंद्रा की बेहद लोकप्रिय XUV700 को जल्द ही इलेक्ट्रिक पावरट्रेन विकल्प मिलने का अनुमान है। जैसा कि निर्माता ने पुष्टि की है कि एसयूवी का यह नया इलेक्ट्रिक संस्करण या तो हाइब्रिड या प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल हो सकता है, जो संभवतः 2.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ एक इलेक्ट्रिक मोटर से जुड़ा होगा। इसके साथ साथ इसे 6-सीटर वेरिएंट में भी लॉन्च किया जाएगा। 
3. महिंद्रा केयूवी ईवी
महिंद्रा ने 2020 ऑटो एक्सपो में केयूवी ईवी और एक्सयूवी300 ईवी को प्रदर्शित किया था, लेकिन देश में इनकी लॉन्च में देरी हुई है। हालाँकि उम्मीद है कि इन्हें 2022 में लॉन्च किया जाएगा। ई-केयूवी100 में एक बार चार्ज होने पर 147 किमी की रेंज मिल सकती है और इसका इलेक्ट्रिक इंजन 54 बीएचपी की पावर और 120 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है।
4. महिंद्रा बोलेरो नियो प्लस
महिंद्रा TUV300 प्लस को भारत में आने वाले महीनों में फेसलिफ़्टेड अवतार में फिर से पेश किए जाने की उम्मीद है और इसे नए बोलेरो नियो प्लस नाम के साथ लॉन्च किए जाने की संभावना है। एसयूवी को पावर देने के लिए 2.2 लीटर टर्बो-डीजल इंजन मिलता रहेगा और यह 9-सीटर कॉन्फ़िगरेशन में उपलब्ध होगी।
5. महिंद्रा एक्सयूवी300 इलेक्ट्रिक
महिंद्रा केयूवी इलेक्ट्रिक के अलावा इलेक्ट्रिक XUV300 के भी जल्द ही भारतीय बाजार में आने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह दो वेरिएंट्स में उपलब्ध होगी, जिसमें एक स्टैंडर्ड रेंज और दूसरी लॉन्ग रेंज में उपलब्ध होगी। पहली टाटा नेक्सन ईवी की प्रतिद्वंद्वी होगी, जबकि बाद वाली संभवतः हुंडई कोना ईवी और एमजी जेडएस ईवी के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करेगी।