नवंबर 2022 की बिक्री में टॉप 5 इलेक्ट्रिक स्कूटर, ओला S1 ने मारी बाजी

ola-electric-scooter-1.jpg

ओला S1 नवंबर 2022 में 16,305 यूनिट की बिक्री के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में अपना दबदबा कायम रखने में कामयाब रही है

बढ़ते चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और आकर्षक सरकारी प्रोत्साहन के कारण व्यावहारिक और विश्वसनीय इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। कई वाहन निर्माता अपने ईवी पोर्टफोलियो का विस्तार करने पर भी काम कर रहे हैं। भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटरों की बिक्री नवबंर 2022 में भी जारी रही और यहाँ उन टॉप 5 इलेक्ट्रिक स्कूटर के बारे में जानकारी दी गई है, जिनकी नवंबर 2022 में सबसे ज्यादा बिक्री हुई है।

1. ओला S1

वर्तमान में ओला S1 भारत में सबसे ज्यादा चर्चित इलेक्ट्रिक स्कूटरों में से एक है और यह न केवल स्मार्ट डिजाइन भाषा के साथ आता है, बल्कि अपने साथ जबरदस्त प्रदर्शन और सुविधाओं की एक लंबी सूची भी समेटे हुए है। ओला ने नवंबर 2022 में भारतीय बाजार में कुल मिलाकर 16,305 यूनिट की बिक्री की है। ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर 3 वैरिएंट में उपलब्ध है और इसमें 170 किमी तक की रेंज का दावा किया गया है।

2022 TVS iQube Electric Scooter

2. टीवीएस आईक्यूब

टीवीएस आईक्यूब भी देश में सबसे सस्ता और विश्वसनीय इलेक्ट्रिक स्कूटरों में से एक है और इसे कई बैटरी पैक विकल्पों के साथ पेश किया जाता है। पिछले महीने आईक्यूब देश में दूसरा सबसे ज्यादा बिकने वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर रहा है। ब्रांड ने नवंबर 2022 के महीने में इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की कुल 10,166 यूनिट की बिक्री दर्ज की है। वहीं टीवीएस आईक्यूब इलेक्ट्रिक की शुरुआती कीमत 1,24,216 रूपए (ऑन रोड, गुडगाँव) है। इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में 145 किमी तक की रेंज का दावा किया गया है।

3. एथर 450एक्स

एथर 450X भारतीय बाजार में लॉन्च हुए पहले इलेक्ट्रिक स्कूटरों में से एक था और इसके साथ मजबूत गतिशीलता और प्रभावशाली प्रदर्शन का दावा किया जाता है। भारत में इसका मुकाबला टीवीएस आईक्यूब, ओला एस1 और बजाज चेतक जैसे स्कूटरों से है। नवंबर 2022 में देश में इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की कुल 9,737 यूनिट की बिक्री हुई है। यह इलेक्ट्रिक स्कूटर 105 किमी की रेंज देने में सक्षम है।

Ather 450X

4. बजाज चेतक

बजाज चेतक भी देश में लोकप्रियता प्राप्त कर रहा है और खरीदारों के लिए विश्वसनीय और अच्छी तरह से निर्मित पैकेज प्रदान करता है। चेतक अपने शानदार डिजाइन के लिए जाना जाता है, जिसमें बड़ी हेडलाइट्स और गोलाकार एलईडी डीआरएल आदि हैं। बजाज चेतक देश में चौथा सबसे अधिक बिकने वाला स्कूटर रहा और ब्रांड ने पिछले महीने इसकी कुल 6,101 यूनिट की बिक्री की है। भारत में इसकी कीमत 1,52,010 रूपए (एक्स-शोरूम, गुडगाँव) है और यह 90 किमी से अधिक की रेंज देने में सक्षम है।

5. ओकिनावा प्रेज़ प्रो

ओकिनावा प्रेज़ प्रो ने देश में खरीदारों को आकर्षित करना जारी रखा हुआ है और अब नए खरीदारों के लिए अपने पोर्टफोलियो का विस्तार करने पर भी विचार कर रहा है। पिछले महीने यह देश में पांचवां सबसे ज्यादा बिकने वाला स्कूटर ब्रांड रहा है और इसकी कुल मिलाकर 3,314 यूनिट की बिक्री हुई है।