यहाँ आपको भारत में उपलब्ध हीरो मोटोक़ॉर्प की 5 सस्ती और किफायती बाइक के बारे में बताया जा रहा है, जो कि भारत में काफी लोकप्रिय भी है
भारतीय कार बाजार में जो स्थान मारूति सुजुकी (Maruti Suzuki) का है, वहीं स्थान भारतीय दोपहिया बाजार में घरेलू निर्माता हीरो मोटोकॉर्प का है। हीरो मोटोकॉर्प (HeroMotoCorp) ने भारत में लागू हुए नए उत्सर्जन मानदंडो के हिसाब से खुद को अपडेट किया है और अपने पोर्टपोलियो के लगभग सभी बाइक्स को बीएस6 में अपग्रेड कर दिया है।
भारत में हीरो मोटोकॉर्प सबसे ज्यादा बाइक्स की बिक्री करती है। ऐसे वक्त में जब भारत का मोटरसाइकिल उद्योग मंदी झेल रहा है, तब भी हीरो मोटोकॉर्प अपनी बिक्री में वृद्धि देख रही है। जिसकी वजह इन बाइक्स का सस्ती और व्यवहारिक होना है। आइए इस लेख में हीरो मोटोकॉर्प की 5 सबसे लोकप्रिय और सस्ती बाइक के बारे में जानते हैः
1. हीरो एचएफ डीलक्स (Hero HF Deluxe)
भारत में हीरो हीरो एचएफ डीलक्स कंपनी के पोर्टफोलियो की सबसे सस्ती मोटरसाइकिल है और इसके बीएस6 वर्जन को 55,925 रुपये (शोरूम) के शुरूआती कीमत पर खरीदा जा सकता है। इस बाइक को पावर देने के लिए 97.2cc का इंजन दिया गया है जो 8000 Rpm पर 7.94 Bhp की पावर और 6000 Rpm पर 8.05 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है।

गियरबॉक्स की बात की जाए तो इस बाइक को 4-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से लैस किया गया है। यह बाइक अपने बीएस4 मॉडल की तुलना में ज्यादा स्टाइलिश और फीचर्स के साथ आती है। बीएस6 एचएफ डीलक्स में ‘Xsens’ टेक्नॉलजी के साथ फ्यूल इंजेक्टेड इंजन दिया गया है, जिससे बाइक 9 पर्सेंट ज्यादा माइलेज और बेहतर अक्सेलरेशन देती है।
2. हीरो स्प्लेंडर प्लस (Hero Splendor Plus)
हीरो मोटोकॉर्प की हार्ड-कोर कम्यूटर बाइक, स्प्लेंडर प्लस प्रभावशाली माइलेज आँकड़े का सबसे बड़ा उदाहरण है। इसकी माइलेज 80 किमी प्रति लीटर की है, इसलिए भारत में यह सबसे ज्यादा बिकने वाली बाइक भी बन गई है। स्पलेंडर को पावर देने के लिए 97.2cc का इंजन लगाया गया है, जो कि 8.01 PS की पावर और 8.05 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है।

बाइक 4-स्पीड ट्रांसमिशन से जुड़ी है और इसकी कीमत 60,500 रूपए से शुरू है। टॉप स्पेसिफिकेशन स्प्लेंडर प्लस में पहले की तरह ही इलेक्ट्रिक स्टार्टर, अलॉय व्हील और i3s (हीरो की ऑटो स्टार्ट/स्टॉप टेक्नोलॉजी) मिलेगी। इसमें कलर ऑप्शन में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।
3. हीरो पैसन प्रो (Hero Passion Pro)
हीरो ने साल की शुरूआत में Hero Passion Pro के बीएस6 वर्जन को लॉन्च किय़ा था और यह बाइक नई स्टाइलिंग, नए फीचर और नए इंजन के साथ आई है। यह बाइक ड्रम और डिस्क वैरिएंट में उपलब्ध हैं, जिसकी कीमत 66,052 और 68,269 रूपए (एक्स-शोरूम) है।

बाइक में कंपनी की एक्ससेंस फ्यूल इंजेक्शन टेक्नॉलजी दी गई है, जो ज्यादा माइलेज, बेहतर अक्सेलरेशन और स्मूद राइडिंग देने में मदद करती है। पैशन प्रो में बीएस6 कम्प्लायंट 110 cc, सिंगल-सिलिंडर इंजन है। यह इंजन 9.02 bhp की पावर और 9.79 Nm टॉर्क जेनरेट करता है। हीरो का कहना है कि पुराने वर्जन की तुलना में अपडेटेड पैशन प्रो में 9 पर्सेंट ज्यादा पावर और 22 पर्सेंट ज्यादा टॉर्क मिलता है।
4. हीरो ग्लैमर (Hero Glamour)
हीरो ग्लैमर बीएस6 को भी साल की शुरूआत में Passion Pro के साथ लॉन्च किया गया था और इसकी एक्स-शोरूम कीमत 69,750 (ड्रम वेरिएंट) और 73,250 (डिस्क वेरिएंट) रुपये है। इस बाइक में कंपनी की एक्ससेंस फ्यूल इंजेक्शन टेक्नॉलजी दी गई है, जो ज्यादा माइलेज, बेहतर अक्सेलरेशन और स्मूद राइडिंग देने में मदद करती है।

अपडेटेड ग्लैमर में 125cc सिंगल-सिलिंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो पुराने मॉडल के मुकाबले 19 पर्सेंट ज्यादा पावर देता है। ग्लैमर का इंजन अब 5-स्पीड गियरबॉक्स से लैस है, जबकि पहले 4-स्पीड यूनिट मिलती थी। अपडेटेड ग्लैमर भी 4 कलर ऑप्शन में आई है। बाइक में नए 5-स्पोक अलॉय वील्ज, रियलटाइम माइलेज के साथ डिजिटल-एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और i3 टेक्नोलॉजी दी गई है।
5. हीरो एक्सट्रीम 160R (Hero Xtreme 160R)
हीरो मोटोकॉर्प ने हीरो एक्सट्रीम 160R को जुलाई में लॉन्च किया था और यह कंपनी की पोर्टफोलियो में सबसे बेहतर दिखने वाली बाइक में से एक है। इस बाइक की शुरूआती शोरूम कीमत 99,950 रूपए है। हीरो की यह नई स्ट्रीटफाइटर बाइक कई सेगमेंट फर्स्ट फीचर्स से लैस है, जिसमें एलईडी हेडलैम्प, एलईडी डीआरएल, एलईडी साइड टर्न इंडिकेटर्स आदि शामिल है।

Hero Xtreme 160R में फ्यूल-इंजेक्शन सिस्टम के साथ बीएस6 कम्प्लायंट 160cc एयर-कूल्ड इंजन दिया गया है। यह इंजन 8500 rpm पर 15 bhp की पावर और 6,500 rpm पर 14 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इंजन 5-स्पीड गियरबॉक्स से लैस है। कंपनी का दावा है कि यह नई बाइक 4.7 सेकंड में 0-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।