इस सेगमेंट में लगभग 150-160 cc की इंजन क्षमता वाली बाइक का वर्चस्व है और कई कंपनियों ने अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर अपने प्रोडक्ट लॉन्च किए हैं
भारत में हेल्थ क्राइसिस के बीच भी बाइक्स का क्रेज बना हुआ है और 1 लाख रूपए तक की बाइक्स भारतीय बाजार में युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है। वैसे भी भारत में 1 लाख रूपए की सीरीज वाली बाइक्स बहुत महत्वपूर्ण सेगमेंट में से एक है और इन्हें खरीदने वाला ग्राहक फीचर्स, लुक और यहां तक की इंजन में किसी भी तरह का समझौता नहीं करना चाहेगा।
इसी बात को ध्यान में रखते हुए हम इस लेख में भारत की उन टॉप 5 बाइक्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी कीमत न केवल 1 लाख रूपए के अंदर है, बल्कि ये नए बीएस6 मानदंडो का भी पालन करती हैः
1. Honda Unicorn (होंडा यूनिकॉर्न)
होंडा यूनिकॉर्न (Honda Unicorn) को शुरू में 2004 में लॉन्च किया गया था, जिसका अर्थ है कि बाइक भारतीय बाजार में लगभग 16 वर्षों से है। अपने बीएस6 अवतार में यह बाइक एक 162.7 सीसी के एकल-सिलेंडर, चार-स्ट्रोक, ईंधन-इंजेक्शन इंजन द्वारा संचालित है और 12.9 पीएस की पावर और 14 एनएम का टार्क जेनरेट करती है। होंडा यूनिकॉर्न की शुरुआती कीमत 93,593 रुपए (एक्स-शोरूम) है।
2. Bajaj Avenger Street 160 (बजाज अवेंजर स्ट्रीट 160)

बजाज एवेंजर भारतीय बाजार में सबसे सस्ती क्रूजर मोटरसाइकिल है, क्योंकि बाइक के स्ट्रीट 160 एडिशन की कीमत 94,893 रुपये (एक्स-शोरूम) है। 15 पीएस और 13.7 एनएम पर रेटेड यह मोटरसाइकिल 160 सीसी वाले मोटर से लैस है। बाइक के प्रमुख आकर्षण में लंबी सिंगल-पीस सीट, बड़ा रियर टायर, एलईडी डीआरएल के साथ रोडस्टर डिज़ाइन हेडलैम्प और सिंगल-चैनल एबीएस शामिल है।
3. Bajaj Pulsar 150 (बजाज पल्सर 150)
पल्सर 150 भारतीय बाजार में सबसे पुरानी मोटरसाइकिल में से एक है और यह सबसे लोकप्रिय भी है। पल्सर150 बाइक 149.5 सीसी वाले 4-स्ट्रोक, 2-वाल्व, ट्विन स्पार्क, डीटीएस-आई एफआई इंजन से संचालित है, जो 8,500 आरपीएम पर 14 पीएस की मैक्सिमम पावर और 6,500 आरपीएम पर 13.25 एनएम का टॉर्क प्रोड्यूज करता है। इस बाइक की कीमत 96,960 रुपए (एक्स-शोरूम) है।
4. TVS Apache RTR 160 (टीवीएस अपाचे आरटीआर160)
टीवीएस अपाचे आरटीआर ने हाल के दिनों में अपने स्टाइलिश डिजाइन और विशेषताओं के कारण बहुत लोकप्रियता हासिल की है। आरटीआर160 बाइक 159.7 सीसी मोटर से लैस है जो 15.53 पीएस की पावर 13.9 एनएम का टॉर्क जेनरेट करती है और 5-स्पीड ट्रांसमिशन से लैस है। ड्रम ब्रेक में इसकी कीमत 97,000 रुपए है, जबकि डिस्क ब्रेक में 1 लाख रुपए (दोनों कीमतें, एक्स-शोरूम) रखी गई है।
5. Yamaha FZ-FI (यामाहा एफजेड-एफआई)

यामाहा एफजेड-एफआई (Yamaha FZ-FI) अपने सेगमेंट में सबसे शानदार दिखने वाली बाइक में से एक है और इसे पिछले साल ही बीएस6 में अपग्रेड किया गया है। इस बाइक में 149 सीसी का इंजन आता है जो 7,250 आरपीएम पर 12.4 पीएस की पावर और 5,500 आरपीएम पर 13.6 एनएम का टॉर्क जेनरेट करता है। बाइक की कीमत 99,700 रुपए (एक्स-शोरूम) है।
