2023 की पहली छमाही में टॉप 5 7-सीटर कारें – बोलेरो, स्कॉर्पियो, एर्टिगा, इनोवा

2023 की पहली छमाही में टॉप 5 7-सीटरों की सूची में महिंद्रा बोलेरो ने  पहला स्थान हासिल किया है

इस कैलेंडर वर्ष की पहली छमाही में महिंद्रा बोलेरो 7-सीटर बिक्री चार्ट में शीर्ष पर रही है, क्योंकि पिछले वर्ष की समान अवधि के दौरान 45,994 यूनिट के मुकाबले 53,812 यूनिट की बिक्री दर्ज की गई है। जिसमें सालाना आधार पर 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। बोलेरो लगभग दो दशकों से अधिक समय से मौजूद है और कंपनी के लिए यह अच्छी विक्रेता रही है।

महिंद्रा बोलेरो को देश भर में ग्राहकों की एक विस्तृत श्रृंखला द्वारा अच्छी तरह से सराहा गया है। जनवरी से लेकर जून 2023 के बीच महिंद्रा स्कॉर्पियो क्लासिक और स्कॉर्पियो एन की संयुक्त बिक्री 52,036 यूनिट की रही है। पिछले वर्ष की इसी अवधि की में इसकी 22,888 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो सालाना आधार पर 127 प्रतिशत की वृद्धि है।

महिंद्रा स्कॉर्पियो एन की कीमत वर्तमान में 13.05 लाख रूपए से लेकर 24.52 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) के बीच है और यह नई लैडर फ्रेम चेसिस पर आधारित है। यह 2.2 लीटर mHawk टर्बो डीजल और 2.0 लीटर mStallion टर्बो पेट्रोल इंजन से पावर प्राप्त करता है। दोनों को 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन और 6-स्पीड टॉर्क कनवर्टर ऑटोमैटिक यूनिट के साथ जोड़ा गया है।

mahindra scorpio N-4

टॉप 5 7-सीटर कारें2023 की पहली छमाही2022 की पहली छमाही
1. महिंद्रा बोलेरो (17%)53,81245,994
2. महिंद्रा स्कार्पियो (127%)52,03622,888
3. मारुति सुजुकी एर्टिगा (-28%)49,73268,922
4. किआ कैरेंस (32%)40,77130,953
5. टोयोटा इनोवा (13%)34,64730,551

मारुति सुजुकी एर्टिगा सूची में तीसरे स्थान पर रही और यह 2023 की पहली छमाही में भारत में सबसे अधिक बिकने वाली एमपीवी थी। इस 7-सीटर की शुरुआती छमाही में कुल 49,732 यूनिट की बिक्री हुई है, जो पिछली छमाही में बेचीं गई 68,922 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 28 फीसदी की गिरावट है। वहीं किआ कैरेंस टोयोटा इनोवा रेंज से आगे चौथे स्थान पर रही।

किआ कैरेंस को भारत में फरवरी 2022 में पेश किया गया था और यह बहुत कम समय में लोकप्रिय हो गई। छह और सात सीटों वाले लेआउट में उपलब्ध कैरेंस की 2023 की पहली छमाही में कुल 40,771 यूनिट की बिक्री दर्ज की गई, जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी 30,953 यूनिट बिकी थी, जिसमें सालाना आधार पर 32 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

kia carens

वहीं टोयोटा इनोवा क्रिस्टा और इनोवा हाइक्रॉस की संयुक्त बिक्री 13 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि के साथ 30,551 यूनिट की तुलना में 34,647 यूनिट रही है।